रक्तदान से जहां जरूरतमंद को नया जीवन मिलता है, वहीं रक्तदाता भी स्वस्थ रहता है। रक्तदान रगों में रक्त प्रवाह को नियंत्रित करता है। शरीर में आयरन के स्तर को संतुलित बनाए रखने में मदद करता है। स्वस्थ जीवन शैली के लिए हर व्यक्ति से रक्तदान करने का आह्वान महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने किया। वे बुधवार को विश्व रेडक्रॉस दिवस पर एमडीयू यूथ रेडक्रॉस समिति की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ कर रहे थे।
स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर में आयोजित इस रक्तदान शिविर में कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने बैज लगाकर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया और उपस्थित जन को रक्तदान की महता से अवगत कराया। कुलपति ने यूथ रेडक्रॉस को इस आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। वाईआरसी की कार्यक्रम समन्वयक प्रो. अंजू धीमान ने बताया कि शिविर में 47 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। स्लोगन राइटिंग में यूनिवर्सिटी एम्प्लाइज कैटेगरी में प्रो. आशीष दहिया ने प्रथम, यूथ सेंटर फॉर स्किल डेवलपमेंट के परियोजना सहायक संदीप कुमार ने दूसरा व रक्षा एवं सामरिक अध्ययन विभाग की सहायक प्रोफेसर डा. प्रोमिला ने तीसरा स्थान हासिल किया।
चौ. रणबीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल एंड इकोनॉमिक चेंज की निदेशिका प्रो. सोनिया मलिक, एसोसिएट डीन, काॅलेज ब्रांच प्रो. सुमित गिल, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, सहायक निदेशक युवा कल्याण डाॅ. प्रताप राठी, पंकज नैन, जिला रेड क्रॉस से राज कुमार मोर समेत विवि के शिक्षक, अधिकारी, गैर शिक्षक कर्मी, वाईआरसी वालंटियर्स व विद्यार्थी उपस्थित रहे। पीजीआईएमएस, रोहतक के ब्लड बैंक के प्रभारी डाॅ. गजेंद्र सिंह व उनकी टीम डाॅ. सिमरन, रवि, रजनी, बीरमती व दुर्गा व जिला रेड क्रॉस, रोहतक के सचिव प्रदीप हुड्डा ने इस रक्तदान शिविर के आयोजन में सहयोग दिया।