फोटो नंबर- 29मृतक जोगेंद्र सिंह का फाइल फोटो।
नारनौल। गांव बड़कोदा निवासी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान जोगेंद्र सिंह ने मध्यप्रदेश के शिवपुरी में आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पैतृक गांव में शोक का माहौल बन गया।
जवान का अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव बड़कोदा में किया गया जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, पुलिस व सीआरपीएफ के जवान शामिल हुए। जानकारी के अनुसार गांव बड़कोदा निवासी 48 वर्षीय जोगेंद्र सिंह वर्ष 2004 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे।
अपनी सेवा के दौरान वे देश के विभिन्न राज्यों में तैनात रहे। वर्तमान में वे शिवपुरी में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे। परिजनों को घटना की सूचना सोमवार शाम को दी गई जिसके बाद शव को पैतृक गांव लाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार जोगेंद्र सिंह करीब 22 वर्षों से देश सेवा में कार्यरत थे और उनका स्वभाव मिलनसार था। घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। परिवार में उनके माता-पिता, पत्नी, दो पुत्र और एक विवाहित पुत्री हैं।
उनके पिता भी सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हैं। अंतिम संस्कार के दौरान स्थानीय पुलिस व सीआरपीएफ की टुकड़ी मौजूद रही और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं।