रोहतक में नशा तस्करों का पुलिस सख्ती के बावजूद नेटवर्क नहीं तोड़ पा रही है। खोखराकोट के रैनकपुरा में नशे की ओवरडोज से एक युवक ने दम तोड़ दिया। नशा देने वाले परिवार ने शव झाड़ियों में फेंक दिया, जहां हाथ व पैर को कुत्तों ने नोंचा हुआ है। पुलिस ने महिला, उसके पति व पिता के खिलाफ गैर इरातदत्न हत्या का केस दर्ज किया है। शव की अभी पहचान नहीं हो सकी है। आरोपी परिवार घर पर ताला लगाकर फरार है।
पुलिस के मुताबिक भालौठ गांव निवासी मंजीत ने दी शिकायत में बताया कि उसका दोस्त अरुण नशा करने का आदी था। रात करीब नौ बजे वह अरुण को ढूंढने के लिए खोखराकोट के रैनकपुरा इलाके में पहुंचा। वह अक्सर महिला रिको के पास नशा करने आता था। अरुण नहीं मिला। इसी बीच उसने देखा तो रिको के पति राकेश के खाली पड़े मकान में एक 25 साल के युवक का शव पड़ा हुआ था। पैरों के पंजे व हाथ को कुत्ते खा रहे थे।
उसने कुत्तों को भगाया और पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल की। मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान दिखाई नहीं दे रहा था। इस बीच राकेश व उसके परिवार ने उसे वहां से भगा दिया। उसने थोड़ी दूर झाड़ियों में छुपकर देखा तो राकेश व उसके परिवार वालों ने शव को अपने घर से उठा कर थोड़ी दूर कूड़े के ढेर पर रख दिया।
मंजीत का कहना है कि उसने कई बार युवक को नशा करने राकेश के घर जाते देखा था। राकेश व उसका परिवार नशा देकर युवक से काम करवाता था। साथ ही उसे घर पर ही रखते थे। राकेश व उसके परिवार ने युवक से यादा काम करवाने के लिए नशे की ओवरडोज दी। इसके कारण मौत हुई है। बाद में शव को सबूत मिटाने के लिए घर से बाहर कूड़े के ढेर पर फेंक दिया।
पुलिस को कॉल कर घर चला गया मंजीत
भालौठ निवासी मंजीत ने बताया कि वह झाड़ियों में छुपकर पुलिस को फोन किया। बाद में उसके मोबाइल फोन की बैटरी खत्म हो गई और वह गांव चला गया। पुलिस गांव पहुंची और उसे लेकर घटनास्थल का मुआयना किया, लेकिन मकान पर ताला लगा मिला। अब पुलिस ने शव को पीजीआई के डेड हाउस में रखवाया है।