शहर में तीन युवकों ने युवती का अपहरण कर गैंगरेप की खौफनाक घटना को अंजाम दिया। हुडा कॉम्प्लेक्स स्थित एक ब्यूटी पॉर्लर में काम करने वाली युवती को तीन युवकों ने कार से अपहरण कर पहले गांव टिटौली और फिर बहादुरगढ़ में हवस का शिकार बनाया। इसके बाद बहादुरगढ़ में सड़क पर युवती को फेंककर चले गए। युवती को बहाने से बुलाकर इस घटना को अंजाम देने वालों में से एक युवक युवती के ब्वॉयफ्रैंड का दोस्त था। ब्वॉयफ्रैंड की मौत के बाद आरोपी युवती के संपर्क में था।
ब्राह्मणवास निवासी पीड़िता ने बताया कि हुडा कॉम्प्लेक्स स्थित एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। 18 सितंबर की सुबह 11 बजे ब्वॉयफ्रैंड के दोस्त टिटौली गांव का सतीश उर्फ काला ने युवती को फोन करके छोटूराम चौक पर बुलाया। युवती का आरोप है कि कार के पास पहुंचने पर आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। कार में सतीश और उसके दोस्त राकेश उसे बंधक बनाकर टिटौली के खेतों में ले गए और वहां सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद शाम को उसे कार से ही बहादुरगढ़ ले गए। यहां आरोपियों ने अपने एक और साथी गांव मांडौठी निवासी गोलू को बुला लिया। यहां भी आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पर्स छीन युवती को फेंका सड़क पर, दी हत्या की धमकी
दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने युवती से पर्स छीन लिया और किसी को बताने पर हत्या की धमकी दी। इसके बाद युवती को सड़क पर फेंककर फरार हो गए। रात को युवती झज्जर थाने पहुंची। यहां पर उसने टिटौली निवासी सतीश उर्फ काला, राकेश और गोलू के खिलाफ शिकायत दी। झज्जर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण सहित विभिन्न धाराओं में जीरो एफआईआर दर्ज की। इसके बाद मामले को महिला थाने ट्रांसफर कर दिया गया। मामले की जांच कर रही महिला एएसआई विद्यावति ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।