एमडीयू के पूर्व रजिस्ट्रार के प्रमोशन पर उठा विवाद गरमाता जा रहा है। तीन दिन पहले जिन एचओडी को घर में आकर जान से मारने की धमकी दी गई थी, अब उन्हीं एचओडी के घर के बाहर कार सवार संदिग्ध लोग भी देखे गए हैं। ऐसे में एचओडी ने खुद और परिवार को जान का खतरा बताया है।
बता दें कि एमडीयू के डिफेंस स्टडीज के एचओडी प्रो. आर. एस. सिवाच ने तीन दिन पहले एसपी को लिखित शिकायत दी थी। आरोप लगाया था कि यूनिवर्सिटी के पूर्व रजिस्ट्रार का नियमों के खिलाफ प्रमोशन करने की तैयारी है। डिपार्टमेंट के एचओडी होने के नाते उन पर भी दबाव बनाया जा रहा है। हस्ताक्षर नहीं करने पर तीन दिन पूर्व उनके घर पर यूनिवर्सिटी के दो लोग पहुंचे। आरोप लगाया कि दोनों ने जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब एचओडी का आरोप है कि बुधवार देर रात उनके घर के आसपास कार सवार कुछ संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे थे, जो बार-बार लाइट बंद कर रहे थे। संदेह होने पर वे घर से बाहर निकले, लेकिन इससे पहले कि वे शोर मचाते कार सवार वहां से भाग निकले। प्रो. सिवाच का कहना है कि इस शिकायत के बाद से दूसरा पक्ष बौखलाया हुआ है। ऐसे में उनकी जान को खतरा है। इस मामले को लेकर शुक्रवार को दोबारा एसपी से भी शिकायत की जाएगी।