हरियाणा के रोहतक में होली पर तीन परिवारों में खुशियों की जगह मातम पसर गया। महम के भराण गांव में दोस्त के साथ होली खेलकर लौट रहे जींद के चार दोस्तों की कार भराण गांव के बाईपास पर सड़क किनारे खड़े ट्रक (हाइड्रा) से टकरा गई। टक्कर में जींद निवासी राकेश (42) व हिम्मत सिंह (41) की मौत हो गई। जबकि कृष्ण व राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको पीजीआई में दाखिल करवाया गया है। लाखन माजरा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए।
पुलिस के मुताबिक जींद स्थित रोहतक रोड के नजदीक की रामबक्स कॉलोनी निवासी कृष्ण ने दी शिकायत में बताया कि जींद में उसकी साइकिल की दुकान है। शुक्रवार को वह अपने साथी राकेश निवासी रामनगर कॉलोनी रोहतक रोड जींद, हिम्मत सिंह निवासी किलाजफरगढ़ जिला जींद हाल गुरुद्वारा कॉलोनी गली नंबर एक व राजू निवासी निवासी भटनागर कॉलोनी गली नंबर एक जींद के साथ कार में सवार होकर दोस्त महम के गांव भराण पहुंचा, जहां उनका दोस्त रहता है।
होली पर दोस्त से मिलकर चारों रात करीब नौ बजे वापस लौट रहे थे। जब वे भराण के फ्लाईओवर पर पहुंचे तो सड़क पर एक हाइड्रा ट्रक खड़ा था। ट्रक चालक ने किसी तरह का सांकेतिक चिह्न भी बना रखा था और न ही ट्रक पर कोई रिफ्लेक्टर लगा था। कार हिम्मत सिंह चला रहा था।
कार ट्रक से जा टकराई। टक्कर में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। हिम्मत व राकेश की मौत हो गई, जबकि राजू व कृष्ण को पीजीआई में दाखिल करवाया गया। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। इसके बाद हाइड्रा ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही बरतने का केस दर्ज किया है।
व्यापारी वर्ग से हैं चारों
कृष्ण के परिजनों ने बताया कि उसके पिता की साइकिल की दुकान है, जबकि हिम्मत सिंह कपड़े का कारोबार करता था। जबकि राकेश का भी दुकानदारी का कार्य था। वहीं, राजू भी व्यापार करता है।
ससुराल में रह रहे युवक की हादसे में मौत
वहीं, डोभ गांव के नजदीक शुक्रवार को अज्ञात वाहन ने ससुराल में रह रहे सोनीपत जिले के गांव मुकीमपुर निवासी हरीश को टक्कर मार दी। टक्कर में हरीश की मौत हो गई। बहुअकबरपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सोनीपत जिले के गांव मुकीमपुर निवासी नरेश ने दी शिकायत में बताया कि वे तीन भाई हैं। उसके बड़े भाई हरीश की शादी सितंबर 2020 में डोभ गांव में हुई थी। शादी के बाद उसका भाई ससुराल में ही रह रहा था।
शुक्रवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे वह बाइक पर घर से रोहतक शहर के लिए निकला था। जब उसका भाई डोभ गांव के बाईपास पर पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। राहगीरों ने उसके भाई को पीजीआई में दाखिल करवाया, जहां उसने दम तोड़ दिया।