मनजीत दिघल हत्याकांड को अंजाम देने वाले दो बदमाशों से पुलिस की सोमवार सुबह गोहाना रोड कृष्णा डेरी के पास मुठभेड़ हो गई। इसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए हैं। बदमाशों की पहचान खरखौदा के साहिल और फतेहाबाद के टिब्बी गांव निवासी जसवीर के रूप में हुई है।
मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने सीआईए 1 टीम पर भी कई राउंड फायरिंग की। दोनों बदमाशों को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। जहां जसबीर की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, दोनों बदमाशों ने ही बैंक्वेट हॉल में घुसकर मनजीत को गोली मारी थी।
बदमाशों की गोली एसटीएफ और सीआईए 1 की टीम को भी लगी थी। हालांकि उन्होंने बुलेट प्रूफ जैकेट पहनी हुई थी इस वजह से बाल बाल बच गए दो गोली पुलिस की गाड़ियों में भी लगी है। मुठभेड़ के दाैरान दोनों ओर से करीब 20 से 22 गोली चली। इस दौरान बदमाशों को भी तीन से चार गोली लगने की बात सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश कृष्णा डेरी के पास मौजूद है और वह किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सीआईए 1 और एसटीएफ ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को रोकने का इशारा किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी थी।