अपहरणकर्ताओं के हौसले बुलंद होते जा रहे है। शहर से कभी किसी बच्चे का अपहरण होता है तो कभी किसी महिला का। शहर के अलग अलग हिस्सों से तीन युवतियों समेत चार लोग संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। इनके संबंध में अलग-अलग थानों में अपहरण का केस दर्ज किया गया है। अभी तक किसी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
पुलिस को दी शिकायत में पटेलनगर निवासी एक युवक ने बताया कि उसकी बहन 12 अप्रैल की सुबह अचानक घर से लापता हो गई। वारदात के समय घर पर कोई नहीं था। अभी तक उसके बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। युवक ने पुलिस को मामले की शिकायत देकर अज्ञात पर अपहरण का केस दर्ज करवाया है। घुसकानी में भी एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई।
उसकी भी तलाश की जा रही है। इसी तरह शिवनगर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के लापता होने का केस दर्ज करवाया है। उन्होंने एक युवक पर अपहरण का शक भी जाहिर किया है। पुलिस संबंधित युवक की तलाश कर रही है। कलानौर में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में वार्ड नंबर एक निवासी ईश्वर ने बताया कि 10 अप्रैल को उनका 16 वर्षीय बेटा सुनील लापता हो गया था। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लगा।