एक मनचले ने जाट कॉलेज के सामने ऑटो के इंतजार में खड़ी बीएससी की छात्रा का हाथ पकड़ लिया। छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी करनी शुरू कर दी। घबराई छात्रा ने मामले की सूचना पुलिस को दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस संबंध में पीजीआई थाने में झज्जर के गांव डीघल रोड स्थित कौशिक नगर निवासी पर केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में झज्जर के एक गांव निवासी छात्रा ने बताया कि वह जाट कॉलेज से बीएससी में पढ़ाई कर रही है। 17 नवंबर को छात्रा कॉलेज के बाद घर जाने के लिए बाहर ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी बीच एक युवक आया। उसने अचानक छात्रा का हाथ पकड़ लिया। इस पर छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकत की। तभी छात्रा ने आरोपी की हरकत के बारे में पुलिस कंट्रोल रूप में सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी फरार हो चुका था। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।