नारनौल शहर और सीआईए पुलिस नारनौल ने मंगलवार को अतंर्राज्यीय चोर गिरोह के तीन लोगों को छह बाइकों के साथ गिरफ्तार किया है। इसमें पुलिस ने सूबे सिंह पुत्र रंजित सिंह निवासी अमरपुर जोरासी, अमित पुत्र महेश कुमार निवासी तलोट व मुकेश खेरिया पुत्र जयराम निवासी रूप सराय को चोरी की मोटर साइकिल सहित गिरफ्तार किया है। इन तीनों को बुधवार को अदालत नारनौल पेश किया जाएगा।
शहर में पिछले कई दिनों से मोटरसाइकिल चोरी होने की घटनाएं हो रही थी। जिसमें एक महीने पहले नारनौल के राजकुमार की मोटरसाइकिल उनके कार्यालय से चोरी होने की वारदात भी शामिल है। इस चोरी की पूरी वारदात वहां लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई। जोकि आरोपी को पकड़ने का जरिया बना। पुलिस ने सीसी टीवी कैमरे की फुटेज में आरोपी को ध्यान से देखा गया तो उसकी पहचान अमरपुर जोरासी निवासी सूबे सिंह के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस कई दिन से उक्त आरोपी की तलाश में लगी हुई थी। कई बार आरोपी को पकड़ने के लिए उसके गांव में छापामारी की गई, लेकिन आरोपी पुलिस से बच निकलता। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली की आरोपी को जिला रेवाड़ी के खंडोडा राजस्थान बार्डर का गांव गूगल कोटा के पास देखा गया है। इस पर सीआईए पुलिस मौके पर पहुंची तो खडोड़ा की तरफ से एक बाइक पर तीनों आरोपी जाते हुए दिखाई दिए। जिन्हें पुलिस ने चोरी की बाइक सहित तीनों को काबू किया। पूछताछ पर इन आरोपियों में से 2 मोटरसाइकिल सूबे सिंह के गांव अमरपुर जोरासी व 2 अमित के घर से एक मोटर साइकिल आरोपी मुकेश के घर से बरामद की। जिनको गिरफ्तार किया गया है। उक्त सभी आरोपियों को बुधवार को नारनौल न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
राजस्थान में भी सक्रिय था गिरोह
यह चोर गिरोह नारनौल व राजस्थान में भी सक्रिय था और इनसे और भी चोरी की मोटरसाइकिल बरामद होने की संभावना है। मोटर साइकिल चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर द्वारा शहर पुलिस व सीआईए पुलिस की एक स्पेशल टीम गठित की थी। यह टीम कई दिनों से चोरों की तलाश में लगी थी। जिनको आज काबू किया गया।
दबाव बना तो एक दिन में ही पकड़े चोर
एक दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार की मोटरसाइकिल चोरी की घटना के 40 दिन बाद भी पुलिस मोटरसाइकिल चोरों को नहीं पकड़ पा रही थी। सोमवार को पत्रकारों ने एक बैठक कर पुलिस को एक सप्ताह में चोरों को बाइक सहित गिरफ्तार करने का समय दिया था। इसके बाद एक रात में ही चोरों को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया गया।