सांपला से रोहतक आ रही थी छात्रा, दिल्ली बाईपास पर हुआ हंगामा
- फोटो : amar ujala
मनचलों ने सांपला से रोहतक पढ़ने आ रही एक छात्रा के साथ रोडवेज बस में सरेराह छेड़छाड़ की। छात्रा के विरोध के बाद भी आरोपी बाज नहीं आए तो उसने अपने साथियों को मामले की सूचना दे दी। बस के दिल्ली बाईपास पर पहुंचने से पहले ही छात्रा के 25-30 सहपाठी आ पहुंचे। दिल्ली बाईपास पर बस पहुंचते ही उन्होंने आरोपी मनचलों को बस से उतारकर धुन दिया। हालांकि जब तब पुलिस मौके पर पहुंची, सभी मौके से जा चुके थे। इस मामले में पुलिस के पास किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं आई है। ध्यान रहे कि हाल ही में एक युवती ने भी चालक पर छेड़खानी का गंभीर आरोपी लगाया था।
जानकारी के मुताबिक सांपला क्षेत्र की एक छात्रा शहर के एक कालेज में पढ़ती है। वह सोमवार दोपहर को दिल्ली से आ रही रोडवेज बस में रोहतक आने के लिए सवार हो गई। बस में पहले से ही कुछ मनचले सवार थे। जैसे ही बस सांपला से आगे निकली, मनचलों ने छात्रा के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। पहले तो छात्रा ने आरोपियों की हरकतों को अनदेखा कर दिया। लेकिन जब आरोपी बाज नहीं आए तो छात्रा ने उनको दूर हटकर खड़े होने की बात कही। इस पर मनचलों ने छात्रा के साथ बहस शुरू कर दी। छात्रा ने चुपके से अपने सहपाठियों के पास फोन करके मामले की सूचना दी। इस पर करीब पच्चीस से तीस सहपाठी दिल्ली बाईपास पर पहुंच गए। जैसे ही बस दिल्ली बाईपास पर पहुंची, छात्रा के साथियों ने बस को रोक लिया। इसके बाद मनचलों को बस से उतारकर उनकी धुनाई कर दी। पुलिस जब तक मौके पहुंची तब तक आरोपी फरार हो गए। मामले में अर्बन एस्टेट एसएचओ रमेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में कोई भी शिकायत थाने में नहीं आई है। दूसरी तरफ सेक्टर-14 चौकी इंचार्ज महिला एएसआई मीना ने बताया कि दिल्ली बाईपास पर मारपीट की सूचना मिली थी। जब राइडर मौके पर पहुंचे तो वहां कुछ नहीं मिला।