25 जुलाई को मार्कशीट लेने आए रवि पर अमित लाठर ने की थी फायरिंग
- फोटो : demo pic
जाट कॉलेज में 25 जुलाई को हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने रामगोपाल कालोनी निवासी अमित लाठर को गिरफ्तार किया है। अमित ने ही कॉलेज में मार्कशीट लेने आये पूर्व छात्र रवि पर गोली चलाई थी। पुलिस पूछताछ में अमित ने खुलासा किया है कि छात्रसंघ चुनाव में चौधर जमाने और चुनाव में सामने खड़े होने वाले प्रत्याशियों में भय पैदा करने के लिए गोली चलाई थी। पुलिस ने अमित को शनिवार को कोर्ट में पेश किया। अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अभी दो आरोपी फरार हैं।
मूलरूप से जींद के गांव करसौला निवासी अमित लाठर ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह दूरस्थ प्रणाली से बीए की पढ़ाई कर रहा है। उसका एक दोस्त कॉलेज में होने वाले छात्र संघ का चुनाव लड़ेगा। इसी तरह शिकायतकर्ता रवि का दोस्त भी छात्र संघ के चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है। दोनों पक्ष एक दूसरे को चुनाव मैदान से हटने की बात कह रहे थे। इसी बात पर दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था। अमित ने बताया कि वारदात वाले दिन पहले तो कॉलेज के बाहर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। फिर कॉलेज के अंदर मारपीट हुई। इसी दौरान अमित लाठर ने रवि पर गोली चलाई थी। गोली जमीन में लगी थी और रवि बाल-बाल बच गया था।
पिस्तौल करनी है बरामद
रिमांड अवधि के दौरान पुलिस अमित लाठर से वारदात में प्रयोग पिस्तौल को बरामद करेगी। पीजीआई थाना प्रभारी कुलदीप सिंह का कहना है कि अमित के अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। उनके ठिकाने का पता करके गिरफ्तार किया जाएगा। वारदात में शामिल कुछ आरोपियों के बारे में पुलिस को सुराग भी लग गया है।
यह था मामला
गांव बोहर निवासी रवि कुमार ने कुछ समय पहले जाट कॉलेज से बीए की पढ़ाई पूरी की है। वह 25 जुलाई को मार्कशीट लेने कॉलेज आया था। कॉलेज में उसे बीएससी फाइनल ईयर में पढ़ने वाला दोस्त मिल गया। कुछ देर बात करने के बाद रवि और उसका दोस्त विनीत मुख्य गेट पर पानी पीने चले गये। जब रवि पानी पीने लगा तो अचानक तीन युवक कॉलेज में घुसे और हाथ में पिस्टल लिये अमित लाठर उसकी तरफ दौड़ा। अमित के हाथ में पिस्टल देखकर रवि भागने लगा। तभी तीनों ने रवि को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच रवि पर लाठर ने पिस्टल तान दी, लेकिन रवि ने हिम्मत दिखाई और लाठर पर झपट पड़ा। रवि ने अपनी बेल्ट निकालकर हथियारबंद युवक पर धावा बोल दिया। दांव उल्टा पड़ता देख आरोपी कॉलेज के अंदर की तरफ भागने लगा, लेकिन रवि ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और भागते हुए उस पर बेल्ट से वार किये। जब आरोपी को जान बचानी मुश्किल हो गई तो उसने गोली चला दी। फायरिंग करने के बाद तीनों मुख्य गेट से बाइक पर बैठकर भाग गये थे। इसके बाद पीजीआई थाना पुलिस ने रवि की शिकायत पर अमित लाठर, विकास फौगाट और जसवंत के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था।