सांपला बाईपास पर छात्रा से चार युवकों ने छेड़छाड़ की। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने छात्रा के भाई और उसके दोस्त को भी पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। पुलिस ने दोनों घायलों को सांपला के सामुदायिक केंद्र में भर्ती करवाया है। इस संबंध में पुलिस ने इस्माइला निवासी कृष्ण, मंजीत, काले और चिंगड़ के खिलाफ छेड़छाड़ सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
सांपला थाने के एक गांव की रहने वाली युवती सांपला में ही छोटूराम कॉलेज में पढ़ती है। उसे काफी लंबे समय से गांव के ही चार युवक परेशान कर रहे थे। इसकी शिकायत छात्रा ने अपने परिजनों को की। इस पर छात्रा का भाई अपने एक दोस्त के साथ बाईपास पर खड़ा हो गया।
जब छात्रा बाईपास पर पहुंची तो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर भाई ने विरोध किया तो आरोपी चारों युवकों ने उस पर हमला बोल दिया। बीच बचाव करने आए भाई के दोस्त को भी हमलावरों ने अधमरा कर दिया। इसके बाद हमलावर दोनों को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सांपला के सामुदायिक केंद्र में भर्ती करवाया।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी, परंतु उनके बारे में कोई सुराग नहीं मिला।