फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पॉश इलाका, पुलिस का नाका और स्नेचरों का डाका

Fri, 09 Sep 2016 01:22 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
एक आरोपी का चेहरा सीसीटीवी फुटेज में कैद, पुलिस अधिकारी नहीं लगा पा रहे बदमाशों पर लगाम - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
शहर में बाइक पर हेलमेट लगाकर बेखौफ घूम रहे झपटमारों ने महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। शहर में महिलाओं से लगातार स्नेचिंग हो रही है और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। पुलिस पूरी तरह से बेबस नजर आ रही है। सेक्टर एक मेें लगातार दूसरे दिन बृहस्पतिवार को स्नेचिंग की दो वारदात हुईं। बाइक सवार बदमाश ने जहां महिला मुख्य अध्यापक और सेक्टर एक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान की पत्नी के गले से चेन तोड़ ली तो दूसरी महिला के गले में मोटी चेन होने के कारण बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। आधे घंटे के अंदर हुई इन वारदात ने सेक्टर एक पुलिस पर सवाल उठा दिया है। इससे एक दिन पहले बुधवार को बाइक सवार ने सेक्टर एक में ही सेल्स एवं टैक्स विभाग में कार्यरत महिला इंस्पेक्टर का पर्स छीन लिया था।
विज्ञापन


आधे घंटे दो वारदात-

वारदात नंबर एक-

चेन मोटी थी तो तोड़ नहीं सका आरोपी

सेक्टर एक निवासी महिला बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अपने पति के साथ टहलने गई थी। आधा घंटे तक घूमने के बाद वे वापस घर की तरफ आ रहे थे। महिला के पति कुछ आगे चल रहे थे। तभी बाइक पर सवार होकर एक युवक आया। उसने महिला के गले से चेन तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन चेन मोटी होने के कारण आरोपी झपटा मारने के बावजूद भी चेन नहीं तोड़ सका। तभी महिला ने शोर मचा दिया। दाव उल्टा पड़ता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद दंपति ने मामले की शिकायत सेक्टर एक पुलिस चौकी में दी। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।  

वारदात नंबर दो-

पति के साथ टहल रही थी शिक्षिका  

सेक्टर एक निवासी कदम सिंह अहलावत सेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। वे इंडस्ट्री एवं कामर्स विभाग से सहायक निदेशक के पद से रिटायर्ड हैं। उनकी पत्नी निर्मला नया बांस के सरकारी स्कूल में मुख्य अध्यापिका है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 8 बजे दोनों अपने घर के बाहर ही सड़क पर टहल रहे थे। जैसे ही वे घर से थोड़ी आगे पहुंचे तो पीछे से हेलमेट पहने एक बाइक सवार आया और शिक्षिका के गले से सोने की चेन तोड़ ली। इससे शिक्षिका सड़क पर गिर गई। वारदात के बाद उन्होंने शोर मचाया। आसपास के लोगों ने आरोपी का कुछ दूरी तक पीछा भी किया, लेकिन वह फरार हो गया। तुरंत बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पांच मिनट के भीतर सीआईए 2 सहित पुलिस की तीन गाड़ी मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने गश्त करके  आरोपी को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
विज्ञापन

 
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी

 वाटर वर्क्स के पास शिक्षिका के गले से चेन तोड़ने वाली वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे से आरोपी की फुटेज ली है। हालांकि फु टेज में नजर आ रहा है कि आरोपी ने हेलमेट पहन रखा है। चेहरा दिखाई नहीं दे रहा है। अब पुलिस फु टेज के माध्यम से बाइक के नंबर को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि वारदात को एक ही बदमाश ने अंजाम दिया है।

सेक्टर एक चौकी पर उठे सवाल

लगातार हो रही स्नेचिंग की वारदातों के कारण सेक्टरवासियों ने सेक्टर एक पुलिस चौकी पर सवाल उठा दिए हैं। लोगों का कहना है कि स्नेचिंग की एक वारदात के बाद भी पुलिस सक्रिय नहीं हुई। यही कारण है कि आरोपी ने लगातार दूसरे दिन भी वारदात की। झपटमारों के निशाने पर सबसे ज्यादा सेक्टर में रहने वाली महिलाएं ही रहती हैं। इससे पहले भी कई वारदातों को सेक्टर में ही अंजाम दिया गया। किसी भी मामले में अभी तक सेक्टर एक चौकी पुलिस एक भी आरोपी को नहीं पकड़ सकी है।

सात दिन में छह स्नेचिंग, एक भी ट्रेस नहीं

झपटमारों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है। यदि पिछले एक सप्ताह के रिकार्ड पर नजर डाली जाए तो शहर में स्नेचिंग की छह वारदात हो चुकी हैं, लेकिन एक भी मामले में पुलिस आरोपियों को ट्रेस नहीं कर सकी है। इनमें से अधिकतर वारदात अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र में हुई। हालांकि अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने सेल्स एवं टैक्स विभाग में कार्यरत महिला इंस्पेक्टर से पर्स छीनने के मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है। अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं दिखाई गई है।

पिछले दिनों हुई स्नेचिंग की वारदात

एक दिन मेें ही हुई थी तीन स्नेचिंग

पहली वारदात

प्रेेम नगर निवासी एक महिला 5 सितंबर की शाम को बाजार में खरीदारी करने आई थी। करीब आधा घंटे बाद महिला खरीदारी कर वापस घर जा रही थी। जब वह प्रेमनगर चौक से थोड़ी आगे पहुंची तो पीछे से आ रहे दो बाइक सवार बदमाशों ने उसका पर्स झपट लिया। हालांकि महिला ने पर्स अपने हाथ से नहीं छोड़ा और बदमाशों से भिड़ गई। महिला ने एक आरोपी का हाथ भी पकड़ लिया और उसे बाइक से नीचे खींचने की कोशिश की। महिला का शोर सुनकर आसपास के लोग भी दौड़े। अपनी जान आफत में पड़ती देख आरोप जैसे-तैसे मौके से फरार हो गए। महिला ने पुलिस को आरोपियों का हुलिया तो बता दिया, लेकिन कोई शिकायत नहीं दी।

दूसरी वारदात

सेक्टर-3 में छात्रा से पर्स छीना

इसी दिन सेक्टर-3 मेें बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक छात्रा का पर्स छीन लिया। पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-1 निवासी छात्रा कविता ने बताया कि वह शहर के एक निजी कॉलेज से बीएड कर रही है। वह दोपहर को सेक्टर-3 से घर की तरफ पैदल आ रही थी। पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने छात्रा का बैग छीन लिया।

तीसरी वारदात

जींद रोड पर भी महिला से पर्स छीना

बाइक सवार बदमाशों ने जींद रोड पर भी एक महिला से पर्स छीन लिया। पुलिस को अभी तक आरोपियों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा है। वारदात उस समय हुई, जब महिला अपने घर से बाजार की तरफ जा रही थी। हालांकि अभी तक महिला ने पुलिस को शिकायत नहीं दी है।

बुधवार 7 सितंबर

सेक्टर एक में महिला इंस्पेक्टर से हुई स्नेचिंग

सेक्टर एक निवासी सुलक्षणा सेल्स टैक्स में इंस्पेक्टर हैं। बुधवार दोपहर को वह शहर से अपने घर की तरफ आ रही थी। जैसे ही वह घर के सामने पहुंची तो अचानक सामने से बाइक पर एक युवक आया। बदमाश ने पहले बाइक की स्पीड कम की। फिर महिला के पास आते ही पर्स छीना और फरार हो गया। हालांकि वारदात के बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर सुनारिया निवासी एक युवक को हिरासत में लिया है। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें