पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी संदीप उर्फ टिंडा ने पाकस्मा गांव के युवक रोहताश की हत्या का राज खोला है। पुलिस अब आरोपी से मृतक की बाइक, मोबाइल फोन व कागजात बरामद करने का प्रयास कर रही है।
हरियाणा के रोहतक जिले के पाकस्मा गांव के युवक रोहताश (25) की मात्र 500 रुपये के लिए ट्रैक सूट के नाड़े से गला घोंटकर हत्या की गई थी। बार-बार पैसे मांगने से साथी गांव का ही युवक संदीप उर्फ टिंडा बेइज्जती महसूस कर गया। तीन दिन के रिमांड के दौरान पुलिस के सामने आरोपी ने पूछताछ में यह खुलासा किया है।
विज्ञापन
जांच अधिकारी एएसआई प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी संदीप ने बताया कि अटायल गांव में तालाब के ठेकेदार के पास से आकर वे स्कूल के नजदीक सड़क किनारे पर बैठक शराब पीने लगे। शराब पीते समय रोहताश कहने लगा कि उसके 500 रुपये कब देगा। पहले भी वह गांव में दूसरों के सामने पैसे मांग चुका था। अब तो उसने संदीप का फोन उठाकर अपने पास रख लिया। बोला, पैसे दे जाना और मोबाइल ले जाना।
इससे संदीप गुस्सा गया। उसने चुपके से अपने ट्रैक सूट का नाड़ा निकाला और पीछे से रोहताश के गले में डालकर खींच दिया। जब तक रोहताश ने हाथ-पैर मारना बंद नहीं किया, तब तक खींचता रहा। इसके बाद उसकी बाइक व दूसरे कागजात लेकर फरार हो गया। साथ ही शव को सड़क किनारे ही छोड़ दिया। अब पुलिस आरोपी से बाइक, मोबाइल फोन व मृतक के कागजात बरामद करने का प्रयास कर रही है। आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
रविवार को मिला था शव
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पाकस्मा निवासी जगदीश ने सोमवार को शिकायत दी थी कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। उसके तीन लड़के व एक लड़की है। सबसे छोटा बेटा रोहताश शनिवार की शाम को गांव के लड़के संदीप उर्फ टिंडा के साथ बाइक पर अटायल गांव गया था। सोमबीर उर्फ भीम ने अटायल में जोहड़ का मछली पालन के लिए ठेका ले रखा है, जबकि संदीप उर्फ टिंडा उसके पास नौकरी करता है।
विज्ञापन
रात को रोहताश घर वापस नहीं आया। उसने संदीप के घर जाकर पता किया, लेकिन संदीप भी नहीं मिला। सोमवार सुबह गांव के सरपंच मुकेश का फोन आया। मुकेश ने बताया कि पुलिस को अटायल गांव के पास कसरेंहटी रोड पर एक युवक का शव मिला है। उसका शव पीजीआई के डेड हाउस में रखवाया गया है। वह पीजीआई पहुंचा और शव की शनाख्त की।