पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से माथे मारी गोली, गंभीर हालत में पीजीआई में भर्ती
- फोटो : amar ujala
12वीं में नंबर कम आने पर महम थानाक्षेत्र किशनगढ़ निवासी छात्र ने सोमवार देर शाम कनपटी पर गोली मार ली। छात्र को गंभीर हालत में पीजीआई में भर्ती कराया गया है। जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। छात्र का सपना है कि वह आईएएस बने लेकिन नंबर कम आने से उसको अपना सपना टूटता नजर आ रहा था। इसी के चलते वह तनाव में था और अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। देर रात तक छात्र का उपचार चल रहा था। छात्र के सिर में गोली फंसी है।
किशनगढ़ निवासी बलजीत खेतीबाड़ी का काम करते हैं। उनके बेटे प्रशांत ने महम के ही एक स्कूल से 12वीं की परीक्षा दी थी। प्रशांत पढ़ने में बेहद होशियार बताया गया है। हाल ही में जारी सीबीएसई के नतीजों में प्रशांत ने 70 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। परिजनों का कहना है कि प्रशांत को 90 प्रतिशत से अधिक अंक आने की उम्मीद थी। कम अंक आने को लेकर आसपास के कुछ छात्रों ने उसे टोका भी था। अपेक्षा से कम नंबर आने के कारण ही वह बेहद तनाव में था। बताया गया है कि प्रशांत सोमवार देर शाम घर पहुंचा। वह सीधे उस कमरे में गया जहां पर उसके पिता की लाइसेंसी पिस्टल रखी हुई थी। उसने पिस्टल उठाई और सीधे अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर घर में हड़कंप मच गया और परिजन कमरे की तरफ दौड़े। परिजनों ने देखा कि प्रशांत अपने कमरे में लहूलुहान पड़ा हुआ था। परिजन उसे तुरंत कार से पीजीआई लेकर पहुंचे। यहां पर उसे भर्ती करा दिया गया। देर रात तक प्रशांत का उपचार में चल रहा था। देर रात महम के विधायक आनंद सिंह दांगी पीजीआई पहुंचे और प्रशांत के पिता से उसका हाल जाना।
गोली की आवाज आई तो दौड़े घरवाले
प्रशांत शाम के समय बाहर से आया था। वह बड़े आराम से कमरे में गया। गोली चलने की आवाज सुनकर जब घर की महिलाएं कमरे की ओर दौड़ीं तो अंदर प्रशांत लहूलुहान पड़ा हुआ था। आननफानन में उसे पीजीआई लाया गया। विधायक दांगी के अलावा अन्य ग्रामीण भी पीजीआई पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि पढ़ने में होशियार होने के साथ प्रशांत हंसमुख स्वभाव का भी था।
डेढ़ घंटे के ऑपरेशन के बाद भी नहीं निकली गोली
प्रशांत का पीजीआई में लगभग डेढ़ घंटे तक ऑपरेशन होता रहा। विशेषज्ञों की टीम लगातार सिर में फंसी गोली निकालने के लिए ऑपरेशन करती रही। हालांकि डेढ़ घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद भी गोली को निकाला नहीं जा सका। इसके बाद देर रात प्रशांत को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। ऑपरेशन थियेटर के बाहर पिता बलजीत सिंह के साथ बड़ा भाई मोनू भी डटा रहा। दोनों प्रशांत का ऑपरेशन सफल होने की प्रार्थना करते रहे। कई बार मोनू के बिलखने पर पिता बलजीत उसे दिलासा देते रहे।
किशनगढ़ गांव में एक घटना हुई है। एक छात्र ने खुद को गोली मारी है। हमारे पास किसी ने भी अधिकृत सूचना नहीं दी है। युवक को महम अस्पताल में भी लेकर नहीं आया गया। उसे पीजीआई ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि कम नंबर आने के कारण छात्र ने खुद को गोली मार ली।
राकेश मलिक, एसएचओ, महम