आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करना रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के 10 शिक्षकों को भारी पड़ गया। आयोग ने चुनावी ड्यूटी से नदारद रहने व सरकारी कर्मचारी प्रत्याशी के लिए प्रचार करने के मामले में सख्ती बरतते हुए पांच शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। साथ ही इन्हें निलंबित भी कर दिया गया है।
इसके अलावा एमडीयू के पांच शिक्षकों को विवि प्रशासन ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शिक्षा विभाग की ओर से रिटौली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य श्रीभगवान को भी तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह चुनावी ड्यूूटी से नदारद बताए गए हैं।
निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार ने एमडीयू के पांच कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसमें असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रदीप गहलोत, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुरेंद्र सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राजकुमार, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुरेंद्र सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. महेश कुमार शामिल है।
इसके अलावा पांच अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसमें एसोसिएट प्रोफेसर डाॅ. विकास सिवाच, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संदीप मलिक, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राजेश, सांख्यिकी विभाग के प्रो. सुरेश मलिक व अंग्रेजी विभाग से प्रो. रणदीप राणा शामिल हैं।
निलंबन अवधि के दौरान प्राचार्य श्रीभगवान पंचकूला स्थित हरियाणा माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में रिपोर्ट करेंगे। वह सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छाड़ेंगे।