पुलिस भले ही महिला सुरक्षा को लेकर सख्ती का राग अलापती रहे, लेकिन ऐसे मामलों में कमी नहीं आ रही है। बुधवार को सदर थाना क्षेत्र में दुराचार के तीन मामले सामने आए।
इनमें से एक आरोपी ने तो बारहवीं की छात्रा को बहका फुसलाकर उसके साथ दुराचार किया। गांव डोभ निवासी 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मनोज नाम के युवक से उसक ी जान पहचान है। पिछले काफी समय से दोनों में बातचीत होती रही है।
नाबालिग का आरोप है कि दो दिन पहले मनोज उसे बहका फुसलाकर घर से ले गया। इसके बाद आरोपी ने गांव हमीरपुर में अपने घर में ले जाकर उसके साथ दुराचार किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मनोज सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एएसआई देवी कुमारी ने बताया कि मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
ब्याज के रुपये देने के बहाने दुराचार
गांव बलियाना निवासी महिला का आरोप है कि राजेश नाम के युवक ने उससे किसी काम के लिए 10 लाख रुपये ब्याज पर लिये थे। पिछले काफी दिनों से आरोपी ब्याज देने में टालमटोल कर रहा था। आरोप है कि राजेश ने महिला को बुधवार को ब्याज के रुपये देने के बहाने किला रोड स्थित एक घर में बुलाया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर दुराचार किया। सदर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।