फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हत्थे नहीं चढ़ते तो गांव बलियाणा में दहशत मचा प्रदेश में करते कई हत्या

Thu, 15 Sep 2016 02:36 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
बिहार के मुंगेर से हथियार लाकर दो दिनों से गांव में छिपे थे बदमाश, अब पुलिस की गिरफ्त में। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
गांव बलियाणा से हथियारों की खेप के साथ सीआईए-1 के हत्थे चढ़े तीन में से दो बदमाश बिहार के मुंगेर से हथियार लाकर दो दिनों तक गांव में छिपे रहे। यदि पुलिस को समय पर उनकी भनक नहीं लगती तो गांव में दहशत मचाकर प्रदेश में कई हत्या करने की साजिश थी। पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने इसका खुलासा किया है। पुलिस ने पकड़े गये जींद के गांव रोजला निवासी इनामी प्रवीन उर्फ सोनू, जींद के देखखेड़ा निवासी कुलबीर उर्फ  गोगरू और बलियाणा के विकास उर्फ विक्की को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। अदालत ने तीनों को जेल भेज दिया। सोनू हिसार के चर्चित अपहरण और हत्याकांड में आरोपी है।
विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, सीआईए-1 की एक टीम एएसआई विनोद कुमार के नेतृत्व में खरखौदा रोड स्थित एक निजी स्कूल के पास खड़ी थी। टीम को सूचना मिली कि तीन बदमाश सफेद रंग की कार में किसी वारदात को अंजाम देने के लिए एक कार शोरूम के सामने खड़े हैं। इसके बाद एएसआई विनोद कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे। लेकिन बदमाशों ने लूट के इरादे से पुलिस की गाड़ी को ही रोक लिया। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए तीनों बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम-पते बताये। पुलिस ने कुलबीर से एक देसी पिस्तौल, चार कारतूस, विकास उर्फ विक्की से एक देसी पिस्तौल, तीन कारतूस और प्रवीन से एक देसी पिस्तौल एवं चार कारतूस बरामद किये हैं। पुलिस ने बदमाशों से बहादुरगढ़ से लूटी एक कार भी बरामद की है। बदमाश बिना नंबर की इसी कार में घूम रहे थे। तीनों के खिलाफ सदर थाने में हथियारों के साथ लूट की साजिश रचने का केस दर्ज किया गया है।

मामले में जब पुलिस ने बदमाशों से पूछताछ की तो विकास ने कुछ हथियार के बारे में जानकारी दी। इस पर पुलिस ने विकास के घर से चार अवैध हथियार और कारतूस बरामद किये। आरोपियों ने बताया कि जुलाना के विकास नैन की हत्या के लिए हथियार जमा किया गया था। पांच महीने पहले भी बदमाशों ने विकास नैन पर हमला किया था। बदमाशों की विकास नैन के साथ कई साल से रंजिश चल रही थी। पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वह बिहार के मुंगेर से हथियार लाये थे। पुलिस अब बिहार पुलिस को सूचना देगी, ताकि बदमाशों को हथियार मुहैया कराने वाले तक पहुंचा जा सके। कार्रवाई करने वाली टीम में सीआईए-वन के प्रभारी राकेश मलिक, एसआई तेजबीर, एसआई जोगेंद्र, मुख्य सिपाही गोरखा, मुख्य सिपाही संदीप, मुख्य सिपाही विश्वजीत, एएसआई विनोद कुमार शामिल रहे।
विज्ञापन


हिसार के चर्चित अपहरण-हत्याकांड का आरोपी है इनामी सोनू

पुलिस के हत्थे चढ़ा प्रवीन उर्फ सोनू शातिर किस्म का है। सोनू ने मार्च 2015 में हिसार की कांता शर्मा नामक युवती का अपहरण किया था। इसके बाद युवती की हत्या कर दी थी। यह मामला प्रदेश में काफी चर्चा में रहा था। सोनू पर हिसार पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सोनू के खिलाफ पहले भी हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकै ती सहित अन्य संगीन मामलों में केस दर्ज है।  

यूपी और दिल्ली तक फैला नेटवर्क

तीनों बदमाशों का नेटवर्क प्रदेश के बदमाशों तक ही सीमित नहीं है। प्रदेश से बाहर दिल्ली, यूपी और राजस्थान तक उनका नेटवर्क फैला है। बदमाश यूपी के कई शातिर गिरोह से जुड़े हैं। प्रदेश में वारदात करने के बाद वे दिल्ली और यूपी में अपने दोस्तों के पास छिपते थे। सोनू और कुलबीर की गिरफ्तारी की सूचना प्रदेश के अन्य थानों की पुलिस को दी गई है, ताकि वह अपने थानाक्षेत्र में आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच में इन्हें शामिल कर सकें।  

विक्की के विरोधी और परिजन पहुंचे एसपी के पास

गांव बलियाणा निवासी विकास उर्फ विक्की की गिरफ्तारी के बाद उसके परिजन और विरोधी पक्ष के लोग एसपी से मिलने पहुंचे। विक्की के गांव के मुकेश और सचिन का कहना है कि पकड़े गये बदमाश उनकी हत्या करना चाहते थे। इसी इरादे से उन्होंने दो दिन पहले उनका पीछा किया था। इसके बाद मुकेश ने पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद बदमाशों को काबू किया गया।
दूसरी तरफ, विकास उर्फ विक्की के पिता रघबीर का कहना है कि उनके बेटे को झूठे केस में फंसाया जा रहा है। उनके घर से कोई हथियार पुलिस को नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके घर में लगे सीसीटीवी कै मरों को तोड़ दिया। उनका कहना है कि वह कार्रवाई करने वाली टीम के खिलाफ हाईकोर्ट में शिकायत करेंगे।

दो हत्या और लूट के छह केस में आरोपी है सोनू

हिसार के मोस्ट वांटेड बदमाशों में शामिल सोनू पर हत्या के दो और लूट के छह केस सहित 14 केस दर्ज हैं। इसके अलावा भी उस पर प्रदेश के अलग-अलग थानों में कई केस दर्ज हैं।

सोनू के खिलाफ दर्ज केस

1. 5 जून 2005 शस्त्र अधिनियम थाना शहर बहादुरगढ़
2. 19 सितंबर 2005 में हत्या के प्रयास का केस जिला गुड़गांव
3. 11 जुलाई 2007 को लूट का केस थाना उकलाना, हिसार
4. 19 जुलाई 2007 शस्त्र अधिनियम थाना उकलाना
5. 20 जुलाई 2007 अपहरण का केस थाना सदर दादरी
7. 30 नवंबर 2007 लूट का केस थाना सांपला, रोहतक
8. 27 नवंबर 2007 लूट का केस थाना मतलौडा, पानीपत
9. 29 नवंबर 2007 लूट का केस थाना मतलौडा, पानीपत
10. 16 सितंबर 2007 हत्या का केस थाना शिवाजी कालोनी रोहतक
11. 3 अप्रैल 2007 लूट का केस थाना सिविल लाइन, पानीपत
12. 6 दिसंबर 2007 लूट का केस ईसराना, पानीपत
13. 13 मई 2015 फायरिंग शस्त्र अधिनियम थाना शहर जींद
14. हत्या का केस थाना शहर हिसार

आधुनिक हथियारों का सरगना है कुलबीर, दस केस हैं दर्ज  

पुलिस का कहना है कि हत्थे चढ़ा कु लबीर आधुनिक हथियारों का सरगना है। इससे पहले भी उससे वर्ष 2012 में 22 आटोमैटिक हथियार मिले थे। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 10 केस दर्ज हैं।

1.    हत्या का मामला थाना बवानीखेडा
2.    चोरी का मामला थाना सदर जींद
3.    लूट का केस थाना नारनौंद जिला, हिसार
4.    हंगामे का मामला थाना जुलाना
5.    लूट व हत्या के प्रयास का केस थाना जुलाना
6.    हत्या के प्रयास का केस थाना जुलाना
7.    भगोड़ा का केस थाना जुलाना
8.    हत्या के प्रयास का केस थाना लाखनमाजरा
9.    चोरी का केस थाना बवानी खेडा
10. हत्या के प्रयास का केस थाना बरौदा

विकास के खिलाफ चार केस

गिरफ्तार गांव बलियाणा के विकास के खिलाफ भी पहले से चार केस दर्ज हैं। इसमें एक हत्या और दो लड़ाई-झगडे़ के मामले थाना सांपला में दर्ज हैं। एक हत्या का मामला जिला यमुनानगर थाने में दर्ज है। कुछ महीने पहले गांव में ही विकास के साथी की गोली मारकर हत्या की गई थी।

बदमाश प्रदेश में कई संगीन वारदातों को अंजाम देने की फिराक में थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें समय रहते काबू कर लिया। यह पुलिस की बड़ी सफलता है। अब आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
विज्ञापन

- राकेश आर्य, एसपी रोहतक
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें