खरावाड़ पुलिस चौकी के पास रात करीब साढ़े नौ बजे हुई वारदात
- फोटो : amar ujala
खरावड़ पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर की दूरी से रविवार रात साढ़े नौ बजे नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया गया। लड़की अपने भाई के साथ दवा लेने गई थी। वापसी में एक गाड़ी में आए 10-12 लोगों ने उसे बाइक से खींचकर उठा लिया। विरोध करने पर भाई को जमकर पीटा और उसका सिर फोड़ दिया। पिटाई से भाई बेसुध हो गया तो उसे वहीं छोड़कर अपहर्ता लड़की को लेकर चले गए। होश में आने पर भाई ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। देर रात तक अपहर्ताओं का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
लड़की के भाई समुरूद्दीन ने पुलिस को बताया कि उसका परिवार मूलरूप से पंजाब के लुधियाना के साहनेवाल का रहने वाला है। खरावाड़ गांव की पुलिस चौकी के पास हाईवे पर उसकी दूध की डेयरी है। उन्होंने बटाई पर कुछ जमीन भी ले रखी है। इसी से परिवार का गुजर बसर होता है। रात करीब नौ बजे तबीयत खराब होने पर वह अपनी 17 वर्षीय बहन को बाइक से दवा दिलाने गया था। वापसी में खरावड़ पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर दूर एक गाड़ी ने उसे ओवर टेक किया। गाड़ी से 10-12 युवक उतरे और उसकी बहन को बाइक से जबरन खींचने लगे। जब उसने विरोध किया तो उन्होंने उसका सिर फोड़ दिया और जमकर पिटाई कर दी। जब वह बेहोश हो गया तो बदमाश बहन को लेकर चले गए। समुरूद्दीन का आरोप है कि पैगू नाम के युवक ने उसकी बहन का अपहरण किया है। उसका कहना है कि पैगू उसकी बहन से शादी करना चाहता है। इसके लिए वह काफी समय से दबाव बना रहा था। लेकिन परिवार ने बहन की शादी उससे करने से इनकार दिया। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बहन का अपहरण कर लिया है। खरावड़ पुलिस चौकी इंचार्ज जगदीश चंद्र का कहना है कि पुलिस आरोपियों का पता कर रही है। पुलिस के पास अभी आरोपियों का सही पता नहीं है। जानकारी मिलते ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।