कस्बे की रेलवे स्टेशन कॉलोनी में एक विवाहिता ने घर में संदिग्ध
परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दे दी। महिला के मायके वालों ने
ससुरालजनों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मायके वालों की शिकायत पर
पुलिस ने ससुराल पक्ष के सात लोगों पर आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला
दर्ज किया है। नीलम के भाई का कहना है कि नीलम के पेट में दो महीने का
बच्चा भी था। इस कारण से यह डबल मर्डर का मामला बनता है। हम पुलिस से
निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हैं।
जानकारी के अनुसार खानपुर (तोशाम)
निवासी लखीराम ने अपनी बेटी नीलम की शादी 2009 में कलानौर निवासी सोनू के
साथ की थी। मृतका के भाई भूप सिंह का आरोप है कि कुछ दिन बाद ही सोनू के
परिजन नीलम को दहेज के लिए तंग करने लगे। हर बार सुलह करने के बाद नीलम को
सोनू अपने साथ ले आता। एक साल पहले महिला सेल में चल रहे दहेज के केस में
भी पंचायत में फैसला होने के बाद नीलम अपने ससुराल आ गई थी। लेकिन फिर से
उसे दहेज के लिए तंग किया जाने लगा।
पुलिस ने दी मायके वालों को सूचना
नीलम
के भाई का आरोप है कि नीलम ने आत्महत्या नही की बल्कि उसकी हत्या की गई
है। नीलम के शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस की ओर से सूचना मिलते ही
परिजनों सहित खानपुर से कई व्यक्ति कलानौर थाने में पहुंचे और नीलम के
ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने
नीलम के पति सोनू, ससुर महासिंह, सास राजो, देवर राजू और उसकी पत्नी
सुमित्रा, ननद कांता व काली के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला
दर्ज किया है। उसके बाद नीलम के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई ले जाया
गया। बता दें कि नीलम के तीन लड़के हैं।