यूट्यूब पर राजस्थान के पुष्कर स्थित ठग ने पंडित बनकर हरियाणा के रोहतक जिले के कहानौर गांव की आठवीं की छात्रा को कक्षा में अव्वल आने के नाम पर पहले तो बहका लिया। इसके बाद पूजा-पाठ के नाम पर उससे 9 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। गोद ली पोती के मोह में जमीन बेचने वाले 86 वर्षीय दादा भी पैसे भेजते रहे। ठगी का अहसास होने पर अब दादा ने कलानौर थाने में पुष्कर के ठग व उसके साथी झुंझनु के युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि इस तरह सोशल मीडिया पर गिरोह वीडियो डालकर ठगी करता है। साथ ही अपना मोबाइल नंबर देता है। इसके बाद संपर्क होने पर लोगों को बहला-फुसलाकर पैसे हड़पे जा रहे हैं। पीड़ित कहानौर के सरपंच अमित कादयान व चार-पांच अन्य लोगों को लेकर पुलिस के पास पहुंचा, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आखिर में पुलिस के आला अधिकारियों को शिकायत दी।
पीड़ित ने बताया कि उसके पोती ने जब आरोपी को फोन करके पैसे मांगे तो उसने कहा कि मैं आपके पैसे वापस कर दूंगा। लेकिन 80 हजार रुपये पत्नी की बीमारी में खर्च हो गए। अगर आपको 5 हजार रुपये की जरूरत है तो अभी भेज देता हूं। वैसे मैं आपके पैसे दे दूंगा। पीड़ित की पोती के पास इसकी कॉल रिकॉर्डिंग मौजूद है।
राजस्थान निवासी देवराज शास्त्री व मुकेश के खिलाफ बुजुर्ग व उसकी पोती से 9 लाख रुपये ठगने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की टीम बैंक रिकॉर्ड निकलवाकर जांच पड़ताल कर रही है। इसके लिए राजस्थान पुलिस की भी मदद ली जाएगी। - इंस्पेक्टर सुशीला, कार्यकारी थाना प्रभारी कलानौर