पीजीआईएमएस में मरीजों के साथ किस तरह का व्यवहार होता है, इसका नजारा बुधवार को इमरजेंसी के कमरा नंबर-5 में देखने को मिला। जहां बीमार मां का इलाज कराने पहुंची एक विवाहिता बेटी को मामूली कहासुनी के बाद महिला सुरक्षाकर्मी ने थप्पड़ जड़ दिया। हद तो तब हो गई जब अन्य स्टाफ ने भी मां-बेटी की गलती बताकर उन्हें खरीखोटी सुनाई।
मामला दोपहर करीब साढ़े बारह बजे का है। कलिंगा गांव की रहने वाली एक बीमार महिला का इलाज कराने के लिए उसकी विवाहित बेटी पीजीआईएमएस में लेकर आयी। इमरजेंसी के वार्ड नंबर-5 में दोनों मां-बेटी पहुंचीं। इसी बीच उनकी एक महिला सुरक्षाकर्मी के साथ कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि महिला सुरक्षाकर्मी मारपीट पर उतारू हो गई और अपनी मां को लेकर पहुंची बेटी को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद भी सुरक्षाकर्मी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह बाहर से अपने साथियों को बुला लाई और दोनों को बाहर निकालने के लिए कहने लगी। अन्य स्टाफ ने भी विवाद सुलझाने के बाद मां-बेटी को ही फटकार लगाई। मरीजों के साथ इस तरह का रवैया देखकर दूसरे मरीजों को बीच में आना पड़ा। वहीं, कुछ डाक्टरों ने आकर बीच-बचाव कराया, तब जाकर मामला शांत हुआ। गौरतलब है कि पीजीआईएमएस में इससे पहले भी मरीजों के साथ इस तरह अभद्र व्यवहार के मामले सामने आ चुके हैं।