यूआईईटी में सुबह की पाली में थी बीटेक तृतीय वर्ष मर्सी चांस की परीक्षा
- फोटो : amar ujala
एमडीयू के यूआईईटी में चल रही परीक्षा के दौरान मंगलवार को एक युवक दूसरे छात्र का पेपर देते रंगे हाथ पकड़ लिया। यूनिवर्सिटी स्टाफ ने आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पीजीआई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। दरअसल, मंगलवार सुबह 9:30 से 12:30 बजे तक बीटेक तृतीय वर्ष मर्सी चांस का पेपर था।
परीक्षा के दौरान डिप्टी सुपरीटेंडेंट नवीन हुड्डा को एक युवक पर शक हुआ। उन्होंने पेपर दे रहे युवक से पूछताछ की, जिसमें खुलासा हुआ कि पकड़ा गया युवक राकेश पुत्र रणधीर सिंह निवासी बिहार रोल नंबर 1056380 के स्थान पर पेपर दे रहा था। जिसका पहचान ईमाद मलिक पुत्र अजाज मलिक निवासी चमनपुर पटना बिहार के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली के जेएनयू कैंपस में रहता है और एसएससी व यूपीएससी के पेपर की तैयारी कर रहा है। यूआईईटी डायरेक्टर प्रो. राहुल ऋषि ने बताया कि आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने भी आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है, जिसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि कुछ माह पहले यूआईईटी की परीक्षा में एक युवक को ब्लूटूथ का प्रयोग करते पकड़ा गया था।