जिले में ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कभी व्यापार कराने का लालच देकर करोड़ों ऐंठ लिये जाते हैं तो कभी विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों हड़प लिये जाते हैं। अब एक नया मामला सामने आया है। कुछ लोगों ने दिल्ली के एमटीएनएल अधिकारी से बेटे की विदेश में नौकरी दिलवाने के नाम पर 20 लाख रुपये ठगे हैं। पुलिस ने गांव डीघल निवासी सतबीर की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपियों में तीन महिला भी शामिल हैं।
पुलिस को दी शिकायत में सतबीर सिंह ने बताया कि वह दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित एमटीएनएल के कार्यालय में कार्यरत हैं। सतबीर का कहना है कि कुछ समय पहले अनामिका गर्ग और कृष्ण कुमार उनके ऑफिस में बिल जमा करने आए थे। सतबीर ने उनसे काफी देर तक बातचीत की। इसके बाद जब भी वह बिल जमा करने आते तो सतबीर के साथ काफी देर तक बातें करते। जान पहचान बढ़ने के बाद दोनों ने सतबीर को फंसाने के लिए कहा कि वह युवकों की विदेश में नौकरी लगवाते हैं और बदले में कुछ रुपये लेते हैं। इसके बाद सतबीर ने दोनों से अपने बेटे के बारे में बताया कि उसने हाल ही में इंजीनियरिंग की है। इसलिए वह विदेश में नौकरी कर सकता है। सतबीर के बेटे की विदेश में नौकरी लगवाने के एवज में आरोपियों ने 20 लाख की मांग की। सतबीर ने 20 लाख दे दिये, लेकिन उनके बेटे को विदेश नहीं भेजा गया। इसके बाद सतबीर ने उनसे पैसे वापस मांगे। लेकिन आरोपी रुपये देने में टालमटोल करते रहे। कुछ दिन बाद उनके मोबाइल नंबर बंद हो गए। इसके बाद सतबीर ने पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे दिलाया सतबीर को भरोसा
आरोपियों ने सतबीर को जाल में फंसाने के लिए कई लोगों से उनका संपर्क करवाया। पुलिस को दी शिकायत में सतबीर ने बताया कि दोनोें ने उसकी मुलाकात महिला अंजू, परमानंद, मनोज बंसल, आंचल, अमन सैनी और अमित से करवाई। इनके बारे में बताया गया कि यह भी विदेश भेजकर नौकरी लगवाते हैं।
10 लाख मनासरोवर पार्क में तो 10 खाते में डलवाये
आरोपियों ने अलग-अलग तरीके से सतबीर से 20 लाख रुपये ठगे। जांच अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि आरोपियों ने पहले मानसरोवर पार्क में सतबीर से 10 लाख रुपये लिये। बाकी के 10 लाख किस्तों में बैंक खाते में जमा करवाए। आरोपियों ने सतबीर को उनके बेटे की विदेश में 40 से 50 लाख सैलरी का लालच दिया था। जांच अधिकारी पंकज का कहना है कि जल्द ही आरोपियों के घर छापेमारी की जाएगी।
आरोपियों में तीन महिला भी
जिन आरोपियों पर सतबीर ने ठगी का आरोप लगाया है उनमें तीन महिला भी शामिल हैं। सिविल लाइन थाना पुलिस ने चंडीगढ़ के सेक्टर-20 स्थित बैंक कालोनी निवासी अनामिका गर्ग, नरवाना के कृष्ण कुमार, परमानंद व उसकी बेटी अंजू, मनोज बंसल, गुड़गांव के सेक्टर-40
इधर, लांबा को लेकर पुलिस गई देहरादून एक डॉक्टर सहित अन्य लोगों को विदेश में कारोबार कराने का लालच देकर करोड़ों की ठगी करने वाले अमित लांबा को लेकर रोहतक पुलिस देहरादून चली गई है। पुलिस लांबा की महिला मित्र के घर छापेमारी करेगी। लांबा ने पुलिस को बताया है कि उसने ठगी के कुछ पैसे अपनी महिला मित्र के घर रखे हैं। इसी कारण पुलिस लांबा को लेकर दून गई है। यह वही महिला है जो लांबा के खिलाफ दर्ज सभी केस में सह आरोपी है।
अन्य मामलों की जांच में भी शामिल होगा लांबा
रोहतक पुलिस के पास आने के बाद अमित लांबा का जल्दी पीछा छूटने वाला नहीं है। जब पुलिस डॉक्टर वाले मामले में रिमांड के बाद उसे कोर्ट में पेश करेगी तो हाल ही में दर्ज अन्य केसों की जांच में भी उसे शामिल करेगी। इस कारण उसे फिर से रिमांड पर लेने की कोशिश करेगी। रोहतक पुलिस ने लांबा को दिल्ली की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर रिमांड पर लिया है। वह दिल्ली में किसी ठगी के मामले में जेल में बंद था।
एसपी ने की लोगों से अपील
ठगी के कई मामले सामने आने के बाद एसपी ने लोगों से ऐसे लोगों के चक्कर में नहीं आने की अपील की है। एसपी शशांक आनंद ने कहा कि यदि ठगी करने वाले लोगों के बारे में पता चले तो तुरंत डीएसपी अनिल कुमार के मोबाइल नंबर 8222944103 और सिविल लाइन एसएचओ रमेश कुमार के मोबाइल नंबर 8222944115 पर सूचना दें।