एटीएम कार्ड बदलकर और पासवर्ड की डिटेल लेकर ठगी का नया मामला सामने आया है। इस बार दो आरोपियों ने लैब टेक्नीशियन का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते को खाली कर दिया। पहले तो आरोपियों ने एटीएम से चालीस हजार रुपये निकाले, जब कैश निकालने की सीमा पूरी हो गई तो आरोपियों ने शेष बचे हुए नौ हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए।
इस संबंध में शहर थाने में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक जींद के गांव निरजन निवासी सौरभ लैब टेक्नीशियन है। वह 18 सितंबर को रोहतक में अपनी ससुराल शिव कालोनी में आये थे। सौरभ ने बताया कि वह शहर थाना रोड स्थित एक बैंक के एटीएम से रुपये निकाल रहे थे। निकासी में कुछ तकनीकी परेशानी आ रही थी। तभी एक युवक एटीएम केबिन में आया और उसने सौरभ की मदद करने के लिए एटीएम कार्ड मांगा।
इस पर सौरभ ने रुपये निकालने के लिए उसे कार्ड थमा दिया। आरोपी ने हेराफेरी कर कार्ड को बदल दिया। काफी देर तक रुपये नहीं निकले तो सौरभ यहां से चल पड़ा। जैसे ही सौरभ घर पहुंचा तो उसके मोबाइल पर चालीस हजार रुपये निकासी का संदेश आया।
सौरभ कुछ समझ पाता कि एक और मैसेज आ गया। इसमें सौरभ के खाते से नौ हजार रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर किए जाने का ब्योरा था। सौरभ ने तुरंत बैंक में संपर्क किया और खाते की डिटेल निकलवाई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने विनय प्रसाद नाम के व्यक्ति के खाते में रुपये ट्रांसफर किए हैं। मामले में पुलिस का कहना है कि जिस खाते में रुपये ट्रांसफर किए गए हैं, उसकी जानकारी ली जा रही है। खाताधारक का नाम सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।