हरियाणा के करनाल शहर के शहर के नमस्ते चौक के पास टैंपो चालक की एक युवक ने दो गोलियां मारकर हत्या कर दी। एक गोली चालक शंकर की आंख के नीचे और दूसरी सिर पर लगी। हत्या की सूचना पर डीएसपी नायब सिंह, सीआईए व एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाए।
वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के शवगृह में भिजवा दिया है। आरोपी युवक का नाम उत्तम नगर, फूसगढ़ निवासी दिनेश बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार आरोपी का शंकर के घर आना-जाना था। शंकर ने ही उसे गाड़ी चलाना और लोडिंग का काम सिखाया था। कुछ दिन पहले शंकर की आरोपी से कहासुनी हो गई थी
मृतक के रिश्तेदार ने बताया कि शंकर मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और पिछले 20-22 साल से करनाल के सेक्टर-13 में किराए के मकान पर रह रहा था। यहां वह सामान लोडिंग वाला टैंपो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। सोमवार की शाम चार बजे वह नमस्ते चौक के नजदीक दीप एंटरप्राइजेज की दुकान पर जा रहा था तभी उसका चौक पर ही टैंपो खराब हो गया।
ऐसे में शंकर के साथ कर्ण नाम का एक युवक ऑटो मैकेनिक को बुलाने चला गया और शंकर पास में ही दीप एंटरप्राइजेज की दुकान पर चला गया। उसी दौरान बोलेरो से एक युवक उतरा और शंकर को पिस्तौल से दो गोलियां मार दीं। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
आरोपी को पकड़ने लगे तो गोली चलाने की दी धमकी
आरोपी दिनेश शंकर को गोली मारने के बाद जब वहां से जाने लगा तो दुकान के बाहर मालिक व एक अन्य व्यक्ति खड़ा था। जिसने गोली की आवाज सुनी और वे आरोपी को पकड़ने के लिए दौड़े मगर आरोपी ने उन्हें भी पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। जिससे वे दोनों डर गए। इसके बाद आरोपी अपनी बोलेरो गाड़ी लेकर फरार हो गया।
परिवार के लिए रोजी रोटी का संकट
शंकर की मौत की सूचना के बाद मृतक की वृद्ध मां, पत्नी व दोनों बच्चे रो-रोकर बेहाल हैं। शंकर के पिता की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है और घर में कमाने वाला वही था, वह भी अब नहीं रहा।
जिसे काम सिखाया उसी ने मार डाला
परिजनों ने बताया कि आरोपी दिनेश को शंकर ने ही गाड़ी चलाना और लोडिंग का काम सिखाया था। दिनेश का शंकर के घर भी आना जाना था, लेकिन बाद में उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद शंकर ने उसे अपने घर आने से मना कर दिया था। शंकर को क्या पता था कि जिसे वह काम सिखा रहा है वहीं एक दिन उसकी मौत का कारण बनेगा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के शवगृह में भिजवा दिया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। वहीं परिजनों के बयान लिए जाएंगे। जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-नायब सिंह, डीएसपी, करनाल