फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जाट आरक्षण आंदोलन को लेकर सिटी की सुरक्षा कड़ी

Sun, 19 Feb 2017 01:37 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
नयं नाके - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
एक साल पहले भड़के जाट आंदोलन में हाथ जला चुके पुलिस व प्रशासन ने सबक लेते हुए शहर की सुरक्षा कड़ी कर दी है। रविवार को भारी संख्या में जसिया में बलिदान दिवस पर आंदोलनकारियों के एकत्रित होने के चलते हालात से निपटने के लिए प्रदेश सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव धनपत सिंह, मंडल आयुक्त चंद्रप्रकाश से लेकर पंचकूला स्थित मुख्यालय से रोहतक तैनात किए गए आईपीएस एआईजी प्रशासन दीपक गहलावत ने रोहतक में डेरा डाल लिया है। वहीं प्रशासन की ओर से शहर में भीड़ को घुसने से रोकने के लिए लगाए गए नाकों की संख्या भी बढ़ाकर 16 से 22 का दी गई है। साथ ही शहर के मुख्य प्रवेश मार्गों को भी संकरा करने के लिए पत्थर डलवा दिए गए हैं। इसके अलावा शहर में मुख्य स्थानों, विधायकों और मंत्रियों के आवासों की सुरक्षा पहले से ही पुख्ता की जा चुकी है। इसके साथ ही प्रशासन ने जसिया में रविवार को भीड़ बढ़ने की संभावना के चलते रूट प्लान भी तैयार कर लिया है। अगर जसिया में जाम की स्थिति बनती है तो पानीपत रोहतक मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को रोहतक से लाखनमाजरा, गोहाना के रास्ते और रोहतक से वाया सिसाना गोहाना के रास्ते निकाला जाएगा।
विज्ञापन


अफवाहों से सचेत रहें अधिकारी : धनपत सिंह
 शनिवार को रोहतक पहुंचे मुख्य अतिरिक्त सचिव धनपत सिंह ने शाम को जिला विकास भवन में पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों की बैठक ली और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारी विशेषकर सोशल मीडिया में चल रही विभिन्न अफवाहों से सचेत रहें और उनका खंडन भी करें। इसके साथ ही आम जनता भी अफवाहों पर ध्यान न दे, अगर किसी प्रकार की अफवाह हो तो उस बारे में प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को तुरंत अवगत करवाएं। उन्होंने अधिकारियों को अपने अनुभव के अनुसार सामान्य तरीके से कदम उठाने की सलाह दी। साथ में स्पष्ट किया कि आम पब्लिक को किसी तरह से परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शांति पूर्ण धरना एवं प्रदर्शन से कोई दिक्कत नहीं है लेकिन कानून व्यवस्था बनाए रखना अधिकारियों की ड्यूटी है। अधिकारी बिना किसी द्वेष व अनुराग के कार्य कर असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटें। उन्होंने कहा कि अधिकारी कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सामंजस्य बनाएं रखें।

तत्परता से ड्यूटी निभाएं : मंडलायुक्त
 मंडल आयुक्त चंद्रप्रकाश ने कहा कि कानून व्यवस्था को नियंत्रण में रखने के लिए वे तत्परता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अधिकारी लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने के लिए भी प्रेरित करें। वहीं, आईजी नवदीप विर्क ने मीटिंग में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिले में किए गए सुरक्षा प्रबंधों की अधिकारियों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने का काम कर रहे हैं।
विज्ञापन

नहीं रहने दी जाएगी आवश्यक सेवाओं की कमी : डीसी
उपायुक्त अतुल कुमार ने कहा कि आवश्यक सेवाओं की जिले में कमी नहीं रहने दी जाएगी। इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक पंकज नैन ने भी सुरक्षा व्यवस्था के बारे जानकारी दी।

ये रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कुमार, एसडीएम रोहतक डॉ. मुनीश नागपाल, एसडीएम महम प्रदीप अहलावत, एसडीएम सांपला तरुण पावरिया, नगराधीश महेंद्रपाल, सचिव आरटीए जगदीश शर्मा, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अरविंद मल्हाण, शुगर मिल के महाप्रबंधक दलबीर सिंह फौगाट, सिविल सर्जन डॉ. दीपा जाखड़, जीएम रोडवेज राहुल जैन सहित प्रशासन, अर्धसैनिक बल व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।

यहां-यहां लगाए सिटी में नाके
: दिल्ली बाईपास
: बोहर गांव
: बापू आश्रम पुल
: लाढ़ोत करोड़
: वीटा मिल्क प्लांट
: पठानिया पब्लिक स्कूल
: कच्चा चमारिया रोड
: सुंदरपुर रोड
: जींद बाईपास
: हिसार बाईपास ड्रेन नंबर आठ
: भिवानी रोड
: सुनारिया बाईपास
: झज्जर रोड
: पहरावर पुल
: आईएमटी चौक
: सुनारिया चौक

सिटी के अंदर नए नाके लगाए
: जाट भवन
: दिल्ली बाईपास मैन चौक
: गोहाना रोड, नियर जींद बाईपास
: हिसार बाईपास चौक
: जींद बाईपास चौक
: सुखपुरा चौक

ये पुलिस बल तैनात
आईजी     : 1
एआईजी   : 1
एसपी      : 2
डीएसपी    : 9
इंस्पेक्टर    : 50
सब इंस्पेक्टर : 150
हवलदार व सिपाही : 10 हजार  

अर्धसैनिक बल, राजस्थान व हरियाणा पुलिस
सीआरपीएफ :         5
आरएएफ     :        2
राजस्थान पुलिस :   3
हरियाणा पुलिस के जवान : 2500

जसिया में जाम लगने पर यह रहेगा रूट प्लान
पुलिस प्रशासन ने जाट आंदोलन के चलते जसिया में रोहतक-पानीपत मार्ग जाम होने की स्थिति में ट्रैफिक को डायवर्ट करने का प्लान बनाया है। रोड जाम होता है तो रोहतक से पानीपत जाने वाले वाहन खरखौदा के रास्ते गोहाना या सोनीपत होते हुए पानीपत की ओर से आए व जाएंगे। इसी तरह गोहाना से लाखनमाजरा होते हुए रोहतक आएंगे। साथ ही रेवाड़ी से आने वाले वाहनों को वाया सांपला-खरखौदा के रास्ते सोनीपत या गोहाना की ओर गुजारा जाएगा।

थाना प्रभारी की होगी जवाबदेही : एसपी
एसपी पंकज नैन ने बताया कि पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। हर थाना प्रभारी अपने एरिया में होने वाली घटना के लिए जिम्मेदार होगा। साथ ही चौकी प्रभारी को भी जवाब देना होगा। पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को सोशल मीडिया के माध्यम से जोड़ा गया है। साथ ही आम पब्लिक पुलिस कंट्रोल रूम के साथ थाना प्रभारियों या थाने में भी तुरंत संपर्क कर सकती है।

बाक्स
सिटी थाना : एसएचओ 8222944114, 01262-235676
पुरानी सब्जी मंडी थाना : एसएचओ 8222944124, 01262-235636
शिवाजी कॉलोनी थाना : एसएचओ 8222944122, 01262-270667
सिविल लाइन थाना : एसएचओ 8222944115, 01262-228135
पीजीआईएमएस थाना : एसएचओ 8222944123, 01262-282327
अर्बन एस्टेट थाना : एसएचओ 8222944120, 01262-274604
सदर थाना : एसएचओ 8222944116, 01262-276975
कलानौर थाना:  एसएचओ 8222944117, 01258-222425
महम थाना : एसएचओ : 8222944118, 01257-233030
लाखनमाजरा थाना : 8222944121, 01257-265621
सांपला थाना : 8222944119, 01262-263419

शांति और भाईचारे की कामना के साथ जेहन में बड़ा सवाल  
जाट आरक्षण आंदोलन को लेकर धरने पर बैठे लोग खुद शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कह रहे हैं। सरकार से लेकर पुलिस-प्रशासन भी शांति की अपील कर रहे हैं। आम जनता भी शांति और भाईचारे की कामना कर रही है, लेकिन इसके साथ ही जनता के दिलो-दिमाग में बड़ा सवाल यह भी है कि कहीं दोबारा से माहौल न बिगड़ जाए। पिछले साल 19 फरवरी को ही हिंसा ने बड़ा रूप धारण किया था। हालांकि इस बार अभी तक माहौल बिगड़ने की संभावना नहीं है, लेकिन फिर लोगों में डर का माहौल बना है।

बसों के रूट में बदलाव
नया बस स्टैंड से जसिया के रास्ते गोहाना, पानीपत की ओर जाने वाली बसों के रूट में बदलाव किया गया है। अब ये बसें सोनीपत के रास्ते होकर जाएंगी। वहीं, महाप्रबंधक राहुल जैन नेे बताया कि बाकी सभी मार्गों पर चलने वाली बसों के रूटों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें