हरियाणा के रोहतक शहर की जनता कॉलोनी में होटल के मालिक चंद्रभान थरेजा (60) व उसकी पत्नी निशा (50) की शनिवार तड़के घर के अंदर उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई, जब वे गहरी नींद में सो हुए थे। आरोप होटल मालिक के सगे बेटे तरुण (33) पर लगा है, जो वारदात के बाद से फरार है।
वह होटल अपने नाम करवाना चाहता था, लेकिन दंपती ने उसे पहले नशा छोड़ने के लिए कहा। इससे नाराज होकर उसने वारदात अंजाम दे दी। पुलिस ने मृतक दंपती की बेटी पंजाब के लुधियाना निवासी चांदनी के बयान पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस के मुताबिक लुधियाना के जोशी नगर निवासी चांदनी ने दी शिकायत में बताया कि उसके माता-पिता जनता कॉलोनी में परिवार सहित रह थे। उसकी चार साल पहले शादी हुई थी। वे दो भाई व बहन हैं। बड़ा भाई तरुण पंजाब के अमृतसर में शादीशुदा है और परिवार सहित माता-पिता के साथ ही रहता है। उसके पिता ने जनता कॉलोनी में ही तारा होटल बना रखा है।
भाई नशा करने व जुआ खेलने का आदी है, इसके चलते उस पर काफी कर्ज हो गया। जब भी वह घर आती तो तरुण धमकी देता था कि होटल व दूसरी प्रॉपर्टी उसके नाम करवाओ, नहीं तो माता-पिता को गोली मार दूंगा। झगड़े के चलते 2019 में तरुण अपनी पत्नी सोनिया व दोनों बच्चों के साथ अलग किराए पर रहने लगा। एक साल पहले वापस घर आ गया और माता-पिता पर फिर प्रॉपर्टी नाम करने का दबाव बनाने लगा।
शनिवार सुबह उसे सूचना मिली कि तरुण ने पिता चंद्रभान व मां निशा की गोली मारकर हत्या कर दी है। वह लुधियाना से रोहतक पहुंची, उसके पिता का शव बेड से नीचे व मां का बेड पर ही पड़ा था। दोनों के सिर में गोली मारी गई थी। उसने तसल्ली कर ली है तरुण ने प्रॉपर्टी के लिए माता-पिता की गोली मारकर हत्या की है। पुलिस ने तरुण के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पाकिस्तान के सियालकोट के नजदीक मुजफ्फरपुर से आया था थरेजा परिवार
दोहरे हत्याकांड के बाद से थरेजा परिवार में मातम का माहौल है। होटल मालिक की भाभी ने बताया कि उनका परिवार मूलरूप से पाकिस्तान के सियालकोट के नजदीक मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। आजादी के बाद बंटवारे के चलते रोहतक आ गया। चंद्रभान के पिता जनता कॉलोनी तो वे शिवाजी कॉलोनी में रहने लगे। उनके पिता ने 1950 में छोटा सा होटल बनाया था, जब यहां पर आसपास जंगल था। बाद में 1972 में मात्र 12 साल की उम्र में चंद्रभान होटल पर काम करने लगे थे। उनकी करनाल निवासी निशा से शादी हुई। बाद में बेटे तरुण व बेटी चांदनी को पढ़ाया।