रोहतक हैफेड प्लांट के उप महाप्रबंधक अशोक को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते
सोमवार को विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने कुरुक्षेत्र की एक निजी
फर्म के मालिक सतपाल सिंगला से धान डीओसी और सिक्योरिटी राशि रिलीज करने
के एवज में रिश्वत मांगी थी। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया
जाएगा।
विजिलेंस इंस्पेक्टर जयभगवान ने बताया कि कुरुक्षेत्र की फर्म
मेसर्स महादेव साल्वेंट के मैनेजर कैथल के दिडवाना निवासी संदीप ने
विजिलेंस को शिकायत दी थी।
इसमें संदीप ने बताया कि हैफेड प्लांट के उप
महाप्रबंधक अशोक कुमार काफी समय से उनकी फर्म की डीओसी ‘तेल निकली हुई राइस
ब्रान’ के भुगतान को लेकर परेशान कर रहा है। फर्म की तीन लाख रुपये की
सिक्योरिटी भी रोक रखी है।
इन दोनों काम को करने के एवज में अशोक एक लाख
रुपये रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के आधार पर इंस्पेक्टर जयभगवान और
तहसीलदार गुलाब सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। आरोपी अशोक कुमार
ने रुपये लेकर संदीप को रोहतक बस स्टैंड पर बुलाया।
जैसे ही संदीप ने एक
लाख रुपये अशोक को थमाए विजिलेंस टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी अशोक से
रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई है।