फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमडीयू में पैदल आए युवकों ने प्रोफेसर के घर के बाहर की फायरिंग, गार्ड को दिया धमकी भरा पत्र

Mon, 28 Sep 2015 02:24 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
विज्ञापन
एमडीयू कैंपस में शनिवार रात एक प्रोफेसर के घर के बाहर दो युवकों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी।
विज्ञापन


आरोपियों ने गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ गाली-गलौच की और प्रोफेसर के नाम एक धमकी भरा पत्र देकर फरार हो गए।

फायरिंग की घटना से एमडीयू में हड़कंप मच गया और रात भर आरोपी की परिसर में तलाश की गई। सुबह होने पर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया।

गार्ड की शिकायत पर पीजीआई थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।


दरअसल घटना फिजिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट के प्रोफेसर भगत सिंह के फ्लैट के बाहर की है।

शनिवार रात करीब पौने तीन बजे प्रो. भगत सिंह के फ्लैट परिसर के मेन गेट पर गार्ड सुनील कुमार ड्यूटी पर था। इसी बीच दो युवक वहां आए और डॉ. आरएस सांगवान से मिलने की बात कही।

इस पर गार्ड ने इस नाम के किसी भी व्यक्ति का फ्लैट होने से इंकार कर दिया, जिसके बाद युवक वापस लौट गए। कुछ देर बाद युवक दोबारा आए और उन्होंने प्रो. भगत सिंह के बारे में पूछा। हां कहने पर उन्होंने गार्ड को प्रो. भगत सिंह के नाम एक धमकी भरा पत्र थमा दिया और दो राउंड फायरिंग करते हुए वहां से भाग निकले। पत्र में प्रो. भगत सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई थी। वारदात के बाद गार्ड ने आनन-फानन में घटना की जानकारी सुपरवाइजर को दी। इसके बाद सिक्योरिटी ने मिलकर कैंपस में आरोपियों की तलाश की लेकिन, कुछ पता न चल सका। सुबह होने पर पीजीआई थाना एसएचओ कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। एसएचओ ने घटनास्थल का मुआयना किया और गार्ड के बयान लिए। वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाने की तैयारी में है।
विज्ञापन

 
सीडी से भी जोड़ कर देखा जा रहा है मामला  
प्रो. भगत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि यह मामला यूजीसी नेट प्रकरण से जुड़ा है। हाल ही में यूजीसी नेट प्रकरण को लेकर एक सीडी उजागर हुई है, जिसमें यूनिवर्सिटी के ही एक अधिकारी पर छात्रा के शोषण के आरोपों की शिकायत हुई थी। प्रोफेसर ने पुलिस को दी शिकायत में यूनिवर्सिटी के तीन प्रोफेसर समेत आठ लोगों पर शक जताते हुए अपनी और परिवार की जान को खतरा बताया है।
विज्ञापन


पहले भी हो चुकीं वारदात
कैंपस में इससे पहले भी कई वारदातें हो चुकी हैं। कुछ वर्ष पहले आईएचटीएम के डायरेक्टर प्रो. आशीष दहिया को कार्यालय में घुसकर गोली मारी गई थी। करीब दो माह पूर्व हॉस्टल में केन्याई छात्र पर जानलेवा हमला भी किया गया था।

वर्जन
पूरे घटनाक्रम को लेकर सिक्योरिटी की तरफ से थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी गई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
- तरूण शर्मा, कंट्रोलर सिक्योरिटी, एमडीयू
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें