गौकर्ण तालाब में गणेश मूर्ति विसर्जन करने गए एक व्यापारी के घर से चोरों ने नकदी और आभूषण चोरी कर लिए।
आरोपी ने जिस संदूक से रुपये निकाले उसका ताला लगाकर फरार हो गया। वारदात के समय दूसरी मंजिल पर व्यापारी की बहू मौजूद थी, लेकिन उसे भनक तक नहीं लगी।
इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है।
पुलिस को दी शिकायत में सैनी धर्मशाला स्थित छोटी सराय मोहल्ला निवासी गिरधारीलाल सैनी ने बताया कि चोर उनके घर से 2 लाख 68 हजार रुपये, एक सोने की चेन और अंगूठी चोरी कर ले गए।
उन्होंने दुकान पर काम करने वाले कारिंदे पर चोरी का शक जताया है। गिरधारीलाल ने बताया कि वह परिवार सहित रविवार को गौकर्ण तालाब पर मूर्ति विसर्जन करने गए थे।
शाम करीब छह बजे जब वह लौटे तो घर के सामने बने गोदाम का ताला टूटा मिला। इसके बाद जब वह अंदर घुसे तो अलमारी खुली हुई थी।
उन्होंने संदूक का ताला खोलकर देखा तो संदूक से 2 लाख 68 हजार रुपये और आभूषण गायब थे। जबकि संदूक का ताला लगा हुआ था। चोर उसी जगह संदूक की चाबी रखकर फरार हुआ जहां गिरधारीलाल ने रखी थी। इसके बाद उन्होंने दूसरी अलमारी में देखा तो चोर वहां से उनका पर्स भी ले उड़े।
इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों के फिंगर प्रिंट लिए। गिरधारीलाल की झज्जर रोड मोड़ पर मिठाई की दुकान है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले उनकी दुकान पर एक युवक काम करता था। किसी बात को लेकर करीब एक महीना पहले ही गिरधारी ने उसे दुकान से हटा दिया था। वह लड़का गिरधारी के मकान पर भी आता-जाता था। उसे अधिकतर सामान के बारे में जानकारी होती थी। गिरधारी ने लड़के पर चोरी का शक जताया है। उन्होंने बताया कि वारदात के समय उनकी बहू ऊपरी मंजिल पर थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।