सांपला पुलिस और पशु पालन विभाग की टीम ने खल में मिलावट करके विभिन्न मार्का से कई प्रदेशों में सप्लाई करने वाली फैक्ट्री को पकड़ा है। चुलियाणा मोड़ स्थित खल बनानी वाली फैक्ट्री पर जब छापा मारा गया तो अलग-अलग मार्का लगाकर बोरियों में भरकर खल को दो ट्रकों में लोड किया जा रहा था। पशुपालन विभाग की टीम ने सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिये हैं। इस संबंध में सांपला थाने में फैक्ट्री संचालक अटायल निवासी राजेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी और फूड स्टोरेज एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
जांच अधिकारी एएसआई समुंदर सिंह ने बताया कि चुलियाणा मोड़ स्थित एक फैक्ट्री में मिलावटी खल बनाकर सप्लाई करने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने टीम सहित तीन जुलाई को फैक्ट्री में छापा मारा। साथ ही पशुपालन विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी गई। जांच अधिकारी ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां एक ट्रक में अलग मार्का के बोरे में खल भरकर लोड की जा रही थी। साथ ही दूसरे ट्रक में अलग मार्का के बोरे में खल भरकर लोड की जा रही थी। उन्होंने दोनों ट्रक को जब्त कर लिया। फिर फैक्ट्री की तलाशी ली गई।
जांच अधिकारी का कहना है कि तलाशी के दौरान फैक्ट्री से मिलावट का सामान मिला है। इसमें रंग चढ़ाने वाला पाउडर, चावल और लकड़ी का बुरादा सहित अन्य सामान शामिल है। इसके बाद पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने फैक्ट्री से सैंपल भरे। इन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है।
पंजाब और राजस्थान होता था सप्लाई
जांच अधिकारी समुंदर सिंह ने बताया कि फैक्ट्री से विभिन्न मार्का लगाकर कई प्रदेशों में सामान की सप्लाई की जाती थी। सबसे ज्यादा पंजाब और राजस्थान के जोधपुर में सामान भेजा जाता था। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी सप्लाई की जाती थी।
आरोपी राजेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सैंपल की जांच रिपोर्ट लैब से आने के बाद उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।
-एएसआई समुंदर सिंह, जांच अधिकारी