महिला ने सास पर भड़काने का आरोप लगाया है। वहीं पति के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस दर्ज किया गया है। दंपति एक दिन पहले ससुराल से शादी समारोह में शामिल होकर लौटा था।
हरियाणा के रोहतक जिले के लाखन माजरा खंड के गांव में एक युवक ने अपनी पत्नी को पीट दिया। पत्नी का आरोप है कि पति ससुराल में शादी समारोह के दौरान खातिरदारी न होने से नाराज था। साथ ही उसकी सास ने भी पति को भड़काया। लाखन माजरा थाने में आरोपी के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, खंड के एक गांव की महिला ने दी शिकायत में बताया कि वह पति के साथ मायके में शादी समारोह में गई थी। वहां से दोनों 22 फरवरी को लौटे। घर आते ही पति ने उसके साथ गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। कहने लगा कि, तेरे घर वालों ने मेरी कोई इज्जत नहीं की। साथ ही गालियां देना जारी रखा।
उसने इसका विरोध किया। इस पर पति ने कनपटी पर बायीं आंख के पास कई मुक्के व थप्पड़े मारे। इतना ही नहीं, आंख पर थप्पड़ लगने से वह जमीन पर चक्कर खाकर गिर गई। आरोपी ने उसकी दाहिनी पसलियों व कमर में लातें मारीं।
विज्ञापन
जब पति उसे बेरहमी से पीट रहा था, तो सास उसे उकसा रही थी। चीख-पुकार सुनकर पड़ोस की महिलाएं व एक युवक आया। किसी तरह उसे आरोपी से छुड़वाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज किया है।