जिन आरोपियों ने पांच साल पहले ओमेक्स सिटी के व्यापारी का अपहरण किया था अब वे जेल से बाहर आ गए हैं। आरोपियों ने जेल से बाहर आते ही व्यापारी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। रुपये नहीं देने पर आरोपियों ने व्यापारी और उसके परिवार की हत्या करने की धमकी दी है। व्यापारी की शिकायत पर अर्बन एस्टेट थाने में राजस्थान के अलवर में भिवाड़ी स्थित सथलका निवासी सोनू और अवतार सिंह पर केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में ओमेक्स सिटी निवासी नरेंद्र सिंह दहिया ने बताया कि उनकी काफी समय से अलवर जिले के भिवाड़ी में नट बोल्ट की फैक्ट्री है। करीब पांच साल पहले उनका दो आरोपियों ने अपहरण कर लिया था। इसके बाद आरोपियों ने उनके परिवार से कई लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू और अवतार सिंह सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। साथ ही नरेंद्र को सकुशल बरामद कर लिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया था। यह मामला अभी तक अदालत में विचाराधीन है। हाल में दोनों आरोपियों की जमानत हुई है। आरोपियों ने जमानत पर बाहर आते ही व्यापारी से फिर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। आरोपियों ने व्यापारी को मेसेज और कॉल करके रंगदारी मांगी है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेल में बहुत खर्चा हुआ, अब इसका भुगतान कर
आरोपियों ने नौ नवंबर को व्यापारी के मोबाइल पर मेसेज भेजकर रंगदारी मांगी। आरोपियों ने कहा कि उनका जेल में बहुत खर्चा हुआ है। अब इसके भुगतान के लिए दस लाख रुपये दें। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि रुपये का प्रबंध नहीं किया तो व्यापार नहीं करने देंगे। इतना ही नहीं आरोपियों ने व्यापारी सहित उसके परिवार को भी जान से मारने की धमकी दी है।
दहशत में व्यापारी, फैक्ट्री जाने से कतरा रहा
आरोपियों की धमकी के बाद व्यापारी सहित पूरा परिवार दहशत में है। आरोपियों के डर से व्यापारी अपनी फैक्ट्री में जाने से भी कतरा रहा है। वहीं, मामले में पुलिस जल्द ही आरोपियों की तलाश में छापेमारी करेगी। इस संबंध में पुलिस की एक टीम भिवाड़ी जाने की तैयारी कर रही है। जांच अधिकारी एएसआई मंजीत सिंह का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए जल्द ही छापेमारी की जाएगी। उनक ी कॉल डिटेल निकलवाई जाएगी।