ग्रामीणों ने अधिकारियों पर लगाया था नशे में धुत होने का आरोप
- फोटो : Demo Pic
नयाबांस गांव में बुधवार शाम को अवैध शराब की जांच करने पहुंचे आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारी नशे में धुत थे। सांपला पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच में अधिकारी के नशे में होने की पुष्टि हुई है। आरोपियों में महम निवासी अधिकारी सुमेर सिंह और उनके साथ गया स्टाफ सदस्य जींद के सुभाष नगर निवासी विकास शामिल हैं।
सांपला पुलिस के नवीन कुमार ने बताया कि बुधवार शाम को गांव नयाबांस में अवैध शराब पकड़े जाने के मामले में आबकारी एवं कराधान विभाग के जांच अधिकारी सुमेर और विकास मौके पर गए थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि अधिकारी शराब पीए हुए हैं। उनके खिलाफ नयाबांस के सरपंच जसबीर ने सांपला थाने में शिकायत दी। इसके आधार पर दोनों का मेडिकल करवाया गया तो सामने आया कि दोनों शराब का सेवन किए हुए थे। सांपला पुलिस ने दोनों के खिलाफ शराब पीकर सरेआम जनता के बीच जाने की धाराओं में केस दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। वहीं, इंस्पेक्टर का कहना है कि ठेका संचालक पर नियमों के खिलाफ जाकर अंग्रेजी शराब बेचने पर कार्रवाई होगी।