पुरानी शुगर मिल के पास बीती रात अचानक तबियत खराब होने से युवक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि अभी तक पुलिस ने अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
नई अनाज मंडी चौकी प्रभारी ने बताया कि उल्टी व चक्कर आने से सुनारिया निवासी 18 वर्षीय अजय और किलोई निवासी 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई।
अजय की बहन की शादी गांव किलोई में हुई है। उसक ी बहन की ननद पिछले काफी समय से अपनी भाभी के साथ सुनारिया में रह रही थी।
सोमवार को अचानक कोई काम याद आने के बाद किशोरी ने अपने घर किलोई जाने की बात कही। इस पर उसकी भाभी ने अपने भाई अजय को उसे बाइक से किलोई छोड़ने के लिए भेज दिया।
जैसे ही दोनों पुरानी शुगर मिल के पास पहुंचे तो लड़की के पेट में दर्द हो गया। उसे उल्टी और चक्कर आने लगे। तभी अजय ने मेडिकल स्टोर से दवाई खरीदी।
लड़की के दवाई लेने के कुछ ही देर बाद अजय की भी तबीयत खराब हो गई। उसने भी वही दवा खा ली। इससे दोनों की तबीयत खराब हो गई।
फिर अजय ने अपने चचेरे भाई के मोबाइल पर फोन करके सूचना दी। परिजनों ने दोनों को पीजीआई में भर्ती कराया। यहां अजय ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मंगलवार तड़के लड़की की भी मौत हो गई। चौकी प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि लड़की ने बयान दिया था कि तबीयत खराब होने पर पेट दर्द की दवाई ली थी। उसके कारण दोनों की हालत और ज्यादा खराब हो गई। हालांकि मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है।