जनता कॉलोनी के राजकीय मिडिल माध्यमिक विद्यालय में शराबी चौकीदार के उत्पात मचाने के मामले में नया खुलासा हुआ है।
चौकीदार ने क्लास में घुस बच्चों को पीटा ही नहीं, बल्कि 3 छात्राओं से छेड़छाड़ भी की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा छेड़छाड़ (354 ए) और मारपीट (323) के तहत केस दर्ज किया है।
कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में सुनारिया जेल भेज दिया। भाली आनंदपुर गांव निवासी चौकीदार राजबीर की हरकत से उसका परिवार भी शर्मिंदा है।
कोर्ट में पेशी के दौरान आरोपी ने अपनी बेटी से जमानत अर्जी लगाने की अपील की। लेकिन उसकी बेटी ने याचिका दायर करने से इनकार कर दिया। इस मौके पर उसके परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
पुलिस को दी शिकायत में स्कूल की मिडिल हेड सुनीता शर्मा ने बताया कि आरोपी चौकीदार ने नशे में धुत होकर विजयनगर और जनता कॉलोनी की 12 वर्षीय छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की।
विरोध करने पर आरोपी ने छात्राओं पर अंधाधुंध डंडे बरसाए। पुलिस ने घटना के बाद स्कू ल की सुरक्षा भी बढ़ा दी है। शनिवार को मारपीट में घायल सभी छात्राओं को मेडिकल कराकर उनके बयान दर्ज किए। बता दें कि बृहस्पतिवार को नशे में धुत चौकीदार राजबीर स्कूल की एक क्लास में घुस गया। शिक्षिका की हाथ से डंडा छीन छठी कक्षा के बच्चों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में 6 बच्चे लहूलुहान हुए थे। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद विभाग उसको टर्मिनेट करने की तैयारी में है।