एमडीयू प्रशासन की लापरवाही ने एक बार फिर परीक्षा की साख पर सवाल खड़े कर
दिए हैं। यूआईईटी में बीटेक की परीक्षा दे रहे छात्र के पास से ब्लू टूथ
डिवाइस मिलने से हड़कंप मच गया। वहीं दूसरी ओर यूआईईटी के टॉयलेट में एक
आउट साइडर युवक मोबाइल से नकल कराते मिला।
इस पर सिक्योरिटी गार्ड जब उसे
पकड़ने के लिए आया तो वह भाग निकला। एक ही दिन में इस तरह के दो बडे़ मामले
सामने यूनिवर्सिटी की परीक्षाओं पर सवाल खड़े कर रहा है।
सोमवार को
यूआईईटी की बिल्डिंग में दूसरी शिफ्ट बीटेक फिजिक्स रि-अपीयर का पेपर चल
रहा था। इसी दौरान क्लॉस में ड्यूटी दे रहे शिक्षक ने छात्र को खड़ा कर की
तलाशी ली, तो उसके पास से ब्लू टूथ डिवाइस मिली। बताया जा रहा है कि छात्र
ब्लू टूथ के माध्यम से नकल कर रहा था। इसकी सूचना यूनिवर्सिटी के आला
अधिकारियों को दी गई और छात्र का यूएमसी बनाकर डिवाइस को कब्जे में ले लिया
गया।
वहीं चेकिंग के दौरान यूआईईटी की बिल्डिंग के टॉयलेट में एक बाहरी
युवक मिला जो मोबाइल के माध्यम से नकल करा रहा था। इसी बीच सिक्योरिटी
गार्ड के आने पर युवक भाग निकला। पीछा करने के बावजूद वह पकड़ में नहीं
आया। इसके अलावा परीक्षा के दौरान नकल के दो अन्य केस भी मिले, जो पर्ची से
नकल कर रहे थे।
रविवार को यूआईईटी की बिल्डिंग के पीछे की तरफ
एक स्विफ्ट गाड़ी खड़ी थी। बताया जा रहा है कि गाड़ी में बैठे कुछ युवक
ब्लू टूथ के माध्यम से भी नकल करा रहे थे। सूचना मिलने पर जब सिक्योरिटी
गार्ड ने पीछा किया तो वह भाग निकले। इस संबंध में कंट्रोलर को भी सूचना
दी गई थी।
टीचर भी शक के दायरे में, अधिकारियों को दिया पत्र
यूआईईटी
सेंटर सुपरिटेंडेंट की तरफ से परीक्षा नियंत्रक और सोमवार को रजिस्ट्रार
को मेल किया गया है। इस मेल में यूआईईटी के ही कुछ शिक्षकों पर गंभीर आरोप
लगाए गए हैं। कुछ शिक्षक बिना ड्यूटी के परीक्षा कक्ष में आ रहे हैं।
अधिकारियों से मांग की गई है कि यूआईईटी के इन शिक्षकों को परीक्षा के
दौरान बिल्डिंग में एंट्री न दी जाए, क्योंकि कुछ शिक्षक नकल में छात्रों
का सहयोग करते हैं।
यह बोले अधिकारी
परीक्षा के दौरान छात्र से
ब्लू टूथ डिवाइस मिला था, जिसका यूएमसी बना दिया गया है। सभी छात्रों को
हिदायत दी गई है कि परीक्षा में किसी भी हाल में नकल नहीं होने दी जाएगी।
- प्रो. राहुल ऋषि, डायरेक्टर, यूआईईटी
परीक्षा में जिनकी ड्यूटी नहीं है वह शिक्षक भी आ रहे हैं। इसकी शिकायत रविवार को कंट्रोलर और सोमवार को रजिस्ट्रार को भी कर दी गई।
- डॉ. विजय दांगी, सेंटर सुपरिटेंडेंट, यूआईईटी
छात्र
से ब्लू टूथ मिलने का मामला अभी संज्ञान में नहीं आया है और न ही सेंटर
सुपरिटेंडेंट की तरफ से भेजे गए पत्र की जानकारी है। पूरे मामले की जानकारी
ली जाएगी।
- जितेंद्र भारद्वाज, रजिस्ट्रार, एमडीयू