पुराना शुगर मिल के पास प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में हत्या की योजना बनाते वक्त हुई थी मुठभेड़
- फोटो : amar ujala
पुराना शुगर मिल के पास तीन साल पहले दबिश देने गई पुलिस पर फायरिंग करके सिपाही को गोली मारने वाला कुख्यात अब पकड़ा गया। शुगर मिल के पास एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में रमेश लोहार गैंग के बदमाश हत्या का प्लान बना रहे थे। सूचना मिलने पर दिल्ली और हरियाणा की पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश दी। पुलिस के पहुंचने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ में एक सिपाही के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने नौ बदमाशों को पकड़ा जबकि अन्य फरार हो गए थे। इन बदमाशों पर हरियाणा, दिल्ली सहित यूपी में हत्या, लूट और डकैती के मामले दर्ज हैं। वहीं इसी गैंग के एक कुख्यात बदमाश को दिल्ली पुलिस ने एक हत्या के मामले में गिरफ्तार किया। अब रोहतक पुलिस बुधवार को उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई।
पुराना शुगर मिल के पास प्रापर्टी डीलर रमेश लोहार का कार्यालय था। पुलिस को 21 मई 2013 को सूचना मिली कि रमेश लोहार के कार्यालय पर उसके गैंग के सदस्य नरेश उर्फ काला बोहरिया पर हमला करने का प्लान बना रहे हैं। हरियाणा और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम नें रमेश लोहार के दफ्तर पर दबिश डाली। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ में दिल्ली पुलिस के एक जवान के पैर में गोली लग गई थी। पुलिस नें रमेश लोहार गैंग के 12 लोगों के खिलाफ शिवाजी कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज किया था। जिसके बाद नौ बदमाशों को गिरफ्तार किया गया था और बाकी तीन फरार चल रहे थे। इनमें से एक आरोपी भूपेंद्र निवासी मेवला जिला बागपत, उत्तर प्रदेश को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई जगह दबिश डाली, लेकिन वह पकड़ा नहीं गया। पुलिस को पता लगा कि भूपेंद्र को दिल्ली पुलिस ने हत्या के एक मामले में कई दिन पहले गिरफ्तार किया है। शिवाजी थाना पुलिस उसे बुधवार को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई।