दिल्ली में पकड़े गये बदमाशों को महम पुलिस ने लिया रिमांड पर, पूछताछ
- फोटो : amar ujala
चालक और हेल्पर को बंधक बनाकर बहलबा के पास 20 दिन पहले ट्रक लूटने वालों के साथ ही ट्रक को बेच रहे चार बदमाशों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कार सवार बदमाशों ने ट्रक को लूटा था और उसे अन्य साथियों के साथ दिल्ली के मुंडका में बेचा जा रहा था। दिल्ली में पकड़े गये बदमाशों को महम पुलिस ने रिमांड पर लिया है।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के रहने वाले शशि कुमार ने 23 जून को महम थाने में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें बताया गया था कि वह ट्रक चालक संगरूर निवासी नाजर खान के साथ 22 जून की रात महम-बेरी रोड पर जा रहे थे। बहलबा गांव के पास पहुंचे तो आल्टो कार में आए छह बदमाशों ने ट्रक रुकवाकर उन्हें बंधक बना लिया। बदमाशों ने ट्रक लूट लिया और दोनों को बंधक बनाकर कार में बैठा लिया। इसके बाद दोनों को मारपीट कर रोहतक-भिवानी रोड पर खेतों में फेंक दिया और ट्रक को लेकर भाग गये। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी। एसआई धर्मबीर सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि बदमाशों ने ट्रक रिटौली के संदीप व भाली आनंदपुर के सोमबीर को बेचा है, जिन्होंने ट्रक को दिल्ली के मुंडका में रवि नगर दिल्ली के जसबीर व रोहिणी दिल्ली के मनमोहन को बेचा। चारों आरोपियों को दिल्ली की क्राइम ब्रांच ने पकड़ लिया और ट्रक को बरामद किया। इसकी जानकारी होने पर महम पुलिस ने चारों को अपनी जांच में शामिल करते हुए कोर्ट के आदेश पर दो दिन के रिमांड पर लिया। पुलिस ने बदमाशों से पूछताछ की है। पुलिस का कहना है कि अन्य बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।