खरावड़ स्थित साईं मंदिर में पूजा करके लौट रहे जींद जिले के कस्बे जुलाना के आढ़ती अजय (53) की गुरुवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। खेड़ी साध गांव के नजदीक अजय को हत्यारों ने गोली मारी। एक गोली कनपटी में लगी। वारदात स्थल से पुलिस को गोली के दो खोल मिले हैं। परिजन किसी से भी रंजिश होने की संभावना से इनकार कर रहे हैं। जबकि रोहतक और जुलाना पुलिस मिलकर वारदात की जांच कर रही हैं। फिलहाल आईएमटी थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक जींद जिले के जुलाना निवासी अजय तायल बच्चों की पढ़ाई के चलते पिछले 15 साल से रोहतक के संत नगर में किराये पर रह रहा था। अब भी उसकी जुलाना मंडी में आढ़त की दुकान है। गुरुवार सुबह अजय खरावड़ स्थित साईं मंदिर में गया था। दर्शन कर लौट रहे आढ़ती की सुबह करीब 10 बजे बाइक सवार दो युवकों ने गोली मार दी।
गोली लगने से आढ़ती स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस को सूचना मिली कि खेड़ी साध के पास एक स्कूटी सवार घायल हालत में पड़ा है। लगता है किसी वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा अजय को दो गोली लगी थी। जब तक उसे पीजीआई में दाखिल करवाया गया, जब तक उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के आला अधिकारी और एफएसएल प्रभारी डॉ. सरोज दहिया मौके पर पहुंचे और वारदात स्थल से सुबूत जुटाए। आईएमटी थाना प्रभारी कुलदीप कादियान ने बताया कि मृतक के भाई विजय के बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर लिया गया है। आरोपी की तलाश के साथ मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
साईं बाबा का भक्त था आढ़ती
आढ़ती अजय साईं बाबा का भक्त था। उनमें अटूट श्रद्धा के चलते वह हर गुरुवार को खरावड़ स्थित साईं मंदिर आता था। यहीं नहीं अजय साईं के दरबार शिरडी भी जाता रहा है। धार्मिक प्रवृत्ति के अजय का व्यवहार भी शांत था। उसके दोस्त और जानकारों ने बताया कि वह हमेशा शांत रहता था। ज्यादा किसी से बात न करके काम से काम ही रखने वाला था। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी।