अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
चोरों ने जिले में तीन जगहों पर दुकानों और मंदिर का ताला तोड़कर नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। सभी मामलों में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में सूर्य नगर निवासी सुंदर ने बताया कि उसकी पेट्रोल पंप वाली गली में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। वह शनिवार रात को दुकान बंद करके घर गया था। रात को चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर रिपेयरिंग के लिए आए तीन मोबाइल, पांच हजार रुपये, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड चोरी कर लिया। इस संबंध में शहर थाने में केस दर्ज किया गया है।
इसी तरह शातिरों ने गांव बहु जमालपुर के जगन्नाथ जी महाराज के मंदिर से चोरी कर ली। गांव के संदीप ने बताया कि उन्होंने खेतों में मंदिर बनाया है। यहां चोरों ने 16 मई की रात को ताला तोड़कर मंदिर का घंटा, जनरेटर, पानी की मोटर, बैटरी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरों ने गांव किलोई में फर्नीचर की दुकान से औजार सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। मुकेश ने बताया कि उसने फर्नीचर की दुकान खोल रखी है। यहां पर दरवाजे और खिड़की सहित अन्य सामान बनाया जाता है। 17 जून की रात को चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर हैंड कटर, कटर मशीन, रौंदा, हैंबर मशीन सहित अन्य औजार चोरी कर लिए।