रोहतक। सावधान! यदि आप एटीएम से रुपए निकाल रहे हैं तो आपको और सतर्क रहने की जरूरत है। क्योंकि प्रदेश भर में एक गिरोह सक्रिय है, जिसके गुर्गे एटीएम बूथ के बाहर खड़े होकर उपभोक्ता की वीडियो बनाते हैं। इसके बाद उनके खाते से रुपये निकालने की वारदात को अंजाम देते हैं। यह खुलासा सोमवार को पुलिस की पूछताछ में एक गिरोह के गुर्गे ने किया है। गिरोह में 21 से अधिक हरियाणा, यूपी और दिल्ली के युवा शामिल हैं।
पिछले कुछ समय से देखने में आया है कि प्रदेशभर में कहीं एटीएम कार्ड बदलकर तो कहीं अन्य कारणों से अकाउंट से रुपये निकालने के मामले सामने आए हैं। प्रदेश भर में प्रतिदिन 12 से अधिक केस पुलिस दर्ज कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार रुपये निकालने वाले गिरोह के संबंध में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। गिरोह के सदस्य के कार्ड की जानकारी और पासवर्ड हासिल करने के लिए एटीएम बूथ के बाहर खड़े होकर उसका वीडियो बना लेते हैं। बाद मे कार्ड की स्किमर डिवाइस के जरिये कार्ड की क्लोनिंग कर रकम निकाल लेते हैं।
रोहतक के अलावा पानीपत, कैथल, भिवानी, सोनीपत, फतेहाबाद, झज्जर समेत विभिन्न जिलों में गिरोह के 21 से अधिक गुर्गे सक्रिय हैं। जो अच्छी क्वालिटी के मोबाइल अपने रखते हैं। बूथ के बाहर खड़े होकर कैमरे को जूम कर उपभोक्ता की वीडियो बनाने के बाद वारदात को अंजाम दिया जाता है । इस बारे में एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा का कहना है कि गिरोह के संबंध में अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही गिरोह के बाकी गुर्गों को पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से भी मिला सुराग
पुलिस सूत्रों के अनुसार एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी फुटेज से भी पुलिस के हाथ सुराग हाथ लगे हैं। गिरोह में हरियाणा के अलावा दिल्ली राजस्थान और यूपी के सदस्य बताए गए हैं।
उपभोक्ता यह बरतें सावधानी :
- किसी को अपना एटीएम कार्ड न बताएं
- आस-पास यदि कोई खड़ा हो तो उसे बाहर जाने के लिए कहे
- कोई संदिग्ध दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें
- रुपये नहीं निकलने की स्थिति में क्लॉज बटन जरूर दबा दें
गिरोह के अधिकतर गुर्गे इंटर पास
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरोह में अधिकतर सदस्य इंटर और ग्रेजुएशन कर चुके हैं । गिरोह के 2 गुर्गे कंप्यूटर में भी पूरी तरह से एक्सपर्ट है। दिल्ली और गुरुग्राम में प्राइवेट नौकरी करते हैं।