नेकीराम कॉलेज के छात्र को चाकू मारा, हालत गंभीर
- गुरुवार दोपहर तिकोना पार्क के पास भिड़े छात्र
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
नेकीराम कालेज के बाहर तिकोना पार्क के पास गुरुवार दोपहर छात्रों के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। हंगामे के बीच सोनीपत जिले के गांव रिढाऊ निवासी विक्रम को पीठ में चाकू मारकर घायल कर दिया गया। गंभीर हालत में उसे पीजीआई में दाखिल कराया गया है, जहां हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब ढाई बजे उसे सूचना मिली कि तिकोना पार्क के पास काफी भीड़ जमा है। मॉडल टाउन पुलिस चौकी से हवलदार कृष्ण मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावर छात्र वहां से फरार हो चुके थे। घायल छात्र बीए प्रथम वर्ष निवास विक्रम सिंह को लहूलुहान हालत में पीजीआई में ले जाया जा चुका था। वे पीजीआई पहुंचे तो वहां विक्रम बेहोशी की हालत में मिला। उसके भाई ने केवल इतना बताया कि वे तो सीधे गांव से आए थे। डाक्टरों ने भी विक्रम को बयान देने के अनफिट घोषित कर दिया। अब शुक्रवार को पुलिस बयान दर्ज करने जाएगी।