नरमे में लगाई आग, फिर जेठ को जहर देकर मारने का प्रयास
- कलानौर थाने में महिला के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
कलानौर थाना क्षेत्र के गांव सुंडाना में एक व्यक्ति ने अपनी भाई की पत्नी पर नरमा में आग लगाने और खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में महिला के खिलाफ कलानौर थाने में केस दर्ज किया गया है।
गांव सुंडाना निवासी शमशेर सिंह ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करके परिवार का गुजारा करता है। उसने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ सात नवंबर को खेत में गया था। शमशेर ने अपने दूसरे प्लॉट में नरमा डाल रखी थी। जब उनकी पुत्रवधू पशुओं को चारा डालने प्लॉट में गई तो यहां पर नरमा में आग लगी हुई थी।
साथ वाले कमरे में खिड़की व दरवाजे में आग लगी थी। तब पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। जब तक काफी नरमा, बिजली फिटिंग, चारपाई, खिड़की, दरवाजे व बिजली का मीटर जल चुका था। शमशेर सिंह ने अपनी भाई नरसिंह की पत्नी कविता पर आग लगाने का शक जाहिर किया था। मगर घरेलू मामला होने के कारण कोई पुलिस कार्रवाई नहीं करवाई। शमशेर सिंह का आरोप है कि बाद में उनकी भाई की पत्नी ने गलती मांगने के बहाने से घर बुलाया। फिर खाने में जबरन जहरीला पदार्थ मिलाकर जान से मारने का प्रयास किया। इतना ही नहीं कविता पर ही नरमा में आग लगाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में कलानौर थाने में कविता के खिलाफ हत्या प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।