अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
आनलाइन ठगी करने वाले आरोपियों ने अब पढ़े लिखे लोगों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ऐसा मामला शनिवार को सामने आया। आरोपियों ने हरियाणा पुलिस से रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के खाते से धोखाधड़ी करके 80 हजार रुपये निकाल लिये। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में भरत कालोनी निवासी समुंद्र सिंह ने बताया कि वह पुलिस विभाग में एसआई के पद से सेवानिवृत्त है। समुंद्र सिंह का भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में बचत खाता है। उनका कहना है कि शनिवार को उनके खाते से किसी ने पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से 80 हजार रुपये निकाल लिये। यह रुपये आठ बार में मैना टूरिज्म के सामने पीएनबी बैंक के एटीएम से निकाले गये। जबकि समुंद्र सिंह का एटीएम कार्ड और पासबुक उन्हीं के पास थी। उन्होंने किसी को अपना एटीएम कार्ड नहीं दिया। समुंद्र सिंह का कहना है कि उन्होंने 5 अक्तूबर को अपने एटीएम कार्ड से मॉडल टाउन स्थित एक एटीएम से सिर्फ पांच हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद कोई निकासी नहीं की। समुंद्र सिंह करीब आठ साल पहले पुलिस विभाग से रिटायर्ड हुए थे। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस संबंधित उस एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालेगी जहां से निकासी की गई।