सांपला क्षेत्र के बदमाशों ने ही आश्रम और किसान से की थी लूट
-पुलिस ने वारदात के बाद तीन को हिरासत में लिया, पूछताछ जारी
-नशे के लिए वारदात को अंजाम देता है गिरोह: सूत्र
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। बहादुरगढ़ के जसोरखेड़ी और सांपला के भैसरुकलां गांव के आश्रम में लूटपाट करने वाले गिरोह के संबंध में पुलिस को अहम जानकारी हाथ लगी है। सांपला क्षेत्र के बदमाशों ने ही वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
भैसरुकलां गांव के सता सती आश्रम में महंत जमुनादास और सेवक गिरवरधारी को बंधक बनाकर अष्टधातू की मूर्ति, दान पात्र से नकदी और स्कूटी लूट ली थी। विरोध करने पर दोनों को खूब पीटा था। इससे पूर्व बदमाशों ने जसोरखेड़ी गांव के किसान को बंधक बनाकर लूट की थी। विरोध करने पर उसकी भी पिटाई की गई थी। इसके अलावा भैसरुकलां गांव के बाला जी मंदिर में भी लूट का प्रयास किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था।
एसएचओ सांपला कुलबीर सिंह ने बताया कि लूट करने वाले गिरोह के संबंध में अहम जानकारी हाथ लगी है। पता चला है कि सांपला क्षेत्र के बदमाशों ने ही वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पता चला है कि गिरोह नशे के लिए वारदात को अंजाम देता है।