200 व्हाट्सएप ग्रुप पुलिस के रडार पर, ग्रुप में बिना अनुमति जोड़ा तो आएगी शामत
- व्हाट्सएप ग्रुप में अश्लील वीडियो व भड़काऊ पोस्ट डालने वालों का ब्योरा तैयार करा रही पुलिस
- बिना अनुमति ग्रुप में जोड़ने की भी पुलिस के पास पहुंच रहीं शिकायतें
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
अब यदि व्हाट्सएप ग्रुप में बिना अनुमति के किसी को जोड़ा या फिर अश्लील, भड़काऊ पोस्ट की तो ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। करीब 200 व्हाट्सएप ग्रुप पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस ने गोपनीय तरीके से ऐसे लोगों का ब्योरा तैयार कराना शुरू कर दिया है। लोगों से ग्रुप में भड़काऊ पोस्ट नहीं डालने की अपील भी की जा रही है।
कुछ दिनों से देखने में आ रहा है कि आए दिन लोग व्हाट्सएप या फिर अन्य सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो के अलावा भड़काऊ पोस्ट डालने से पीछे नहीं रहते हैं। कई बार इन भड़काऊ पोस्ट के कारण बवाल की आशंका बनी रहती है। पुलिस के पास भी अब तक इस तरह की कई शिकायतें पहुंच चुकी हैं। एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि व्हाट्सएप व अन्य सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट या फिर अश्लील वीडियो डालने वालों का ब्योरा तैयार कराने को कहा गया है। यदि कोई बिना व्यक्ति की अनुमति के ग्रुप में जोड़ता है तो उसके खिलाफ भी शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जा सकती है। एसपी ने लोगों से ग्रुप में भडकाऊ व अश्लील पोस्ट न डालने की अपील की है। एसपी ने कहा कि करीब 200 ग्रुप पुलिस के रडार पर हैं। अश्लील पोस्ट डालने वालों की भी जांच कराई जा रही है।
-----
बिना अनुमति जोड़ देते हैं एडमिन
रोहतक के कुछ लोगों ने पुलिस से शिकायत की है कि आए दिन कुछ लोग बिना अनुमति के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ देते है। ग्रुप में भेजे जाने वाले मैसेज से उन्हें परेशानी होती है। बार बार कहने पर भी उन्हें ग्रुप से नहीं निकाला जा रहा है।