चालक की सूझबूझ से पटरी से उतरने से बची कालिंदी एक्सप्रेस
- टूटी पटरी देख लगाए इमरजेंसी ब्रेक, झटका खाकर रुकी ट्रेन तो यात्रियों में मचा हड़कंप
- अस्थल बोहर रेलवे स्टेशन के पास टूटी पड़ी थी पटरी, चार घंटे लगे पटरी की मरम्मत में
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
अस्थल बोहर रेलवे स्टेशन के पास शनिवार सुबह कालिंदी एक्सप्रेस पटरी पर उतरने से बाल-बाल बची। रेलवे ट्रैक की पटरी टूटी पड़ी थी। गनीमत रही कि ट्रेन के चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को टूटी पटरी से पहले ही रोक लिया। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। मामले की सूचना पाते ही रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। चार घंटे की मशक्कत के बाद टूटी पटरी को सही कराया गया। ट्रेन के अचानक रुकने से यात्रियों में भी हड़कंप मच गया था। बताया गया है कि ट्रेन की रफ्तार करीब 20 किमी प्रतिघंटा थी, अगर रफ्तार और ज्यादा होती तो ट्रेन रोकना बहुत मुश्किल होता। वहीं पीछे आ रही दो ट्रेनें भी इसके कारण प्रभावित रहीं।
शनिवार को कालिंदी एक्सप्रेस सुबह करीब साढ़े आठ बजे दिल्ली से चलकर जैसे ही अस्थल बोहर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तो अचानक ही चालक ने ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक दिया। अचानक झटके से ट्रेन के खड़ी होने के कारण यात्रियों में हड़कंप मच गया। पता लगा कि पटरी की बीच में से टूटी हुई है। सूचना मिलने पर आनन-फानन में रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टूटी पटरी को सही किया गया।
पूर्व में भी हो चुके हैं हादसे
तीन दिन पूर्व ही पंजाब मेल के इंजन में कर्मचारियों की लापरवाही से रेलवे लाइन का टुकड़ा फंस गया था। जिसके कारण ट्रेन काफी देर तक रेलवे स्टेशन के पास ही खड़ी रही थी। इसके अलावा माल गाड़ी के सामने गोवंश आ गया था। जिसके कारण मालगाड़ी काफी देर तक रोहतक रेलवे स्टेशन के पास ही खड़ी रही थी।
कोट
अस्थल बोहर के पास पटरी के क्रेक होने की जानकारी मिली थी। बाद में पटरी को दुरुस्त करा दिया गया था।
- नितिन चौधरी, सीपीआरओ